सिर्फ 2 दिन में खत्म हुआ मकाय टेस्ट

- 750 गेंदों में ऑस्ट्रेलिया की बांग्लादेश पर बड़ी जीत, स्टार्क ने बरपाया कहर, सीरीज 1-1 से बराबर
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मकाय। ऑस्ट्रेलिया ने मकाय के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले गए दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश को पारी और 51 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। मुकाबला सिर्फ दो दिन में खत्म हुआ। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 210 रन बनाए, जबकि बांग्लादेश की दोनों पारियां क्रमश: 64 और 95 रन पर सिमट गईं। इस मुकाबले में तेज गेंदबाजों का पूरी तरह दबदबा रहा। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने मैच में 10 विकेट लिए, जबकि बांग्लादेश के शोरिफुल इस्लाम ने 7/48 का शानदार प्रदर्शन किया। इसी के साथ मकाय टेस्ट में कई बड़े रिकॉर्ड भी बने।
मकाय टेस्ट में कुल 750 गेंदें फेंकी गईं। यह ऑस्ट्रेलिया में गेंदों के लिहाज से दूसरा सबसे छोटा पूरा हुआ टेस्ट मैच है। इससे पहले 1931-32 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सिर्फ 656 गेंदों में खत्म हुआ था। दुनिया में 750 गेंदों का यह मुकाबला सबसे कम गेंदों में पूरे हुए टेस्ट मैचों की सूची में चौथे स्थान पर है। सबसे छोटा टेस्ट 2023-24 में केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच खेला गया था, जो सिर्फ 642 गेंदों में समाप्त हुआ था। टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरन ग्रीन ने 67 रन, स्टीव स्मिथ ने 42 रन और नाथन लियोन ने 32 रन बनाए। यह 210 या उससे कम रन बनाकर पारी के अंतर से टेस्ट जीतने वाले सबसे कम स्कोरों में चौथे स्थान पर है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 1945-46 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 199/8 घोषित करके पारी और 103 रन से जीत दर्ज की थी।
शुभमन 3000 टेस्ट रन पूरे करने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय
कोलंबो। शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन अपने 3000 रन पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही गिल अब टेस्ट में 3000 रन पूरे करने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज हैं। गिल को 3000 टेस्ट रन पूरे करने के लिए इस मुकाबले से पहले सिर्फ सात रन की जरूरत थी। गॉल में वह इस आंकड़े से चूक गए थे। हालांकि, कोलंबो में गिल ने 23वें ओवर में केशरा नुवान्था की गेंद पर बाहरी किनारा लगाकर चौका हासिल किया और अपने 3000 टेस्ट रन पूरे किए। गिल ने यह उपलब्धि 26 साल और 349 दिन की उम्र में हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान और महान ऑलराउंडर कपिल देव को पीछे छोड़ दिया। कपिल देव ने 26 साल 356 दिन की उम्र में टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन पूरे किए थे। भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम उम्र में 3000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने सिर्फ 23 साल 228 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। वीरेंद्र सहवाग दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 26 साल 157 दिन की उम्र में 3000 टेस्ट रन पूरे किए थे। दिलीप वेंगसरकर 26 साल 263 दिन की उम्र में इस आंकड़े तक पहुंचे थे।



