गोरखपुर: CCTV ने खोला राज, फिर रात 1 बजे हुआ एनकाउंटर; पढ़िए पूरा मामला
गोरखपुर के रामगढ़ताल में पुलिस मुठभेड़ के बाद कथित शातिर चोर मो. शहजादे गिरफ्तार हुआ। पुलिस के अनुसार पैर में गोली लगी और चोरी के जेवर, नकदी व तमंचा बरामद हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के रामगढ़ताल इलाके में सोमवार देर रात पुलिस और एक कथित शातिर चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, करीब एक बजे हुई कार्रवाई में मो. शहजादे को गिरफ्तार किया गया। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल रामपुकार भी घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस को देखकर बाइक से भागने लगा
एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रामगढ़ताल क्षेत्र में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि वह बाइक से भागने लगा और पीछा करने पर टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी राजघाट क्षेत्र के तुर्कमानपुर नई मस्जिद इलाके का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ गोरखपुर और संतकबीरनगर में गैंगस्टर एक्ट समेत चोरी और अन्य धाराओं में 25 मुकदमे दर्ज हैं।
चोरी के जेवर, नकदी और तमंचा बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के चार कंगन, अंगूठी, मंगलसूत्र, गले का हार और 10 हजार रुपये बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा मोटरसाइकिल, देशी तमंचा और जिंदा कारतूस भी मिला है।
CCTV से खुला चोरी का सुराग
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को रामगढ़ताल क्षेत्र के एक घर में चोरी हुई थी। घटना के CCTV फुटेज में संदिग्ध की तस्वीर सामने आई, जिसके आधार पर शहजादे की पहचान किए जाने का दावा है। पूछताछ में उसने नियाज अहमद और एक अन्य साथी के साथ चोरी करने की बात बताई। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: होटल से WhatsApp चैट तक जांच की मांग, दुष्कर्म केस में पीड़िता ने खोले कई राज



