दो दिन से लापता था 19 साल का अर्जुन, जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव; मौत पर कई सवाल

बरेली के सिरौली में 22 अगस्त से लापता 19 वर्षीय अर्जुन का शव कैलाश मणि मंदिर के पीछे जंगल में मिला। पुलिस हत्या, हादसे समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सिरौली थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 19 वर्षीय युवक की तलाश सोमवार देर रात एक दर्दनाक मोड़ पर पहुंची। कैलाश मणि मंदिर के पीछे जंगल में अर्जुन का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब होने के कारण मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका जवाब अभी सामने नहीं आया है।

22 अगस्त से लापता था अर्जुन

नामदारगंज गांव निवासी अर्जुन 22 अगस्त को घर से बिना बताए निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रविवार दोपहर परिजनों ने सिरौली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने भी युवक की तलाश शुरू की।

सोमवार देर रात पुलिस को कैलाश मणि मंदिर के पीछे जंगल में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त की कोशिश की, जिसके बाद शव की पहचान अर्जुन के रूप में हुई।

जंगल में पड़े शव को जंगली जानवरों ने नोचा

पुलिस के मुताबिक, शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है और काफी खराब हालत में था। आशंका है कि जंगल में पड़े रहने के दौरान सियार या अन्य जंगली जानवरों ने शव के कुछ हिस्सों को नोच दिया।

घटनास्थल से नशीली दवा और नशे में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने सामग्री को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। हालांकि, इन चीजों का युवक की मौत से क्या संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

हत्या, हादसा समेत सभी पहलुओं पर जांच

अर्जुन जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह सवाल पुलिस के सामने है। पुलिस हत्या, हादसे और अन्य संभावित कारणों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: बरेली में सड़क पर भिड़ीं दो महिलाएं, देखते ही देखते जमा हो गई भीड़; वीडियो वायरल

Related Articles

Back to top button