गोरखपुर में छात्रा प्रकरण ने पकड़ा तूल, आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर बढ़ा आक्रोश
गोरखपुर के गोला क्षेत्र में नाबालिग छात्रा प्रकरण में भीम आर्मी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज हुई है। 48 घंटे बाद भी आरोपी फरार है। स्कूल की मान्यता जांच और विभागीय कार्रवाई की तैयारी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर के गोला क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से जुड़े प्रकरण ने अब तूल पकड़ लिया है। बालिका इंटर कॉलेज से जुड़े मामले में भीम आर्मी भारत एकता मिशन की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। मुकदमा दर्ज हुए करीब 48 घंटे बीतने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों और छात्रा के समर्थन में सामने आए संगठनों में नाराजगी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है।
भीम आर्मी की तहरीर पर दर्ज हुई एफआईआर
मामला बरईपार रामरूप स्थित बालिका इंटर कॉलेज से जुड़ा है। भीम आर्मी के जिला संयोजक प्रिंस आजाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गोला थाने पहुंचकर तहरीर दी थी। इसमें विद्यालय से जुड़े एक व्यक्ति पर नाबालिग छात्रा के साथ कथित आपत्तिजनक व्यवहार और शोषण के आरोप लगाए गए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर संख्या 315/2026 दर्ज की है। उपलब्ध विवरण के अनुसार भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2), 196(1) और एससी-एसटी अधिनियम की धारा 3(1)(u) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वायरल ऑडियो समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी नहीं होने पर बढ़ी नाराजगी
एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। भीम आर्मी ने पहले आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। वहीं करणी सेना भारत के मंडल अध्यक्ष गोरखपुर पवन शाही ने भी सोशल मीडिया के जरिए मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार के अनुसार आरोपी की तलाश की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल की मान्यता जांचने की मांग
प्रकरण के बाद विद्यालय की छात्राओं की सुरक्षा और प्रबंधन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और संगठनों ने विद्यालय की मान्यता की जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर मान्यता रद्द करने की मांग की है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में है और सोमवार को विद्यालय के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच के साथ शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर भी नजर बनी हुई है। आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: दिव्या मित्तल की पहल बनी वरदान, लहुरियादह में शुरू हुई नल से जलापूर्ति



