बसपा की उप्र विस-27 की तैयारी शुरू

- पार्टी सुप्रीमो मायावती ने जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ की चर्चा
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रदेश के सभी राज्य स्तरीय पदाधिकारी और सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्ष शामिल हुए। इसमें दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे युकेश भी उपस्थित रहे। बैठक में मायावती ने पिछली बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों को दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली।
उन्होंने संगठन की तैयारियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों की भी समीक्षा की। बैठक के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा की गई। माना जा रहा है कि मायावती ने पदाधिकारियों से चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और क्षेत्रवार स्थिति की जानकारी भी ली। वहीं चुनाव से पहले महिलाओं व अन्य वर्गों को निजी लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं, लुभावने वादों और घोषणाओं के जरिये चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता को ऐसे वादों से सावधान रहने की अपील की। सरकार बनने पर वादाखिलाफी की शिकायतें सामने आती हैं। जनता को विरोधी दलों के छलावे और विश्वासघात से बचते हुए अपने विवेक से मतदान करना चाहिए।



