नौकरी का झांसा, फिर 20 लाख का लोन! बरेली में ऐसे खुला ठगी का खतरनाक खेल
बरेली में सरकारी नौकरी और बिना वापसी वाले लोन का झांसा देकर बेरोजगारों के नाम पर 20 लाख तक का बैंक लोन कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : बरेली में सरकारी नौकरी और प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना के नाम पर बेरोजगार युवाओं को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। भोजीपुरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मॉडर्न विलेज से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह युवाओं के दस्तावेज लेकर उनके नाम पर लाखों रुपये का बैंक लोन कराता था और पीड़ितों को मामूली रकम देकर बाकी पैसा हड़प लेता था।
सरकारी नौकरी और बिना वापसी वाले लोन का देते थे झांसा
एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा और सीओ हाईवे देवेश सिंह के अनुसार, आरोपी बेरोजगार और जरूरतमंद युवाओं को सरकारी योजना के तहत ऐसा लोन दिलाने का झांसा देते थे, जिसे वापस नहीं करना पड़ेगा। इसके बाद उनके पहचान पत्र लेकर दस्तावेजों में हेरफेर की जाती थी।
गिरोह फर्जी पे-स्लिप और फॉर्म-16 बनाकर युवाओं को कागजों में सरकारी कर्मचारी या वेतनभोगी दिखाता था। नए सिम और बैंक खाते खुलवाकर कुछ समय तक उनमें वेतन के नाम पर रकम भी डाली जाती थी।
20 लाख का लोन, पीड़ित को सिर्फ 71 हजार
पुलिस के मुताबिक, लखीमपुर खीरी के संजीव कुमार के नाम पर बैंक ऑफ बड़ौदा से 20 लाख रुपये का व्यक्तिगत लोन कराया गया। आरोपियों ने इसे सरकारी योजना की रकम बताते हुए संजीव को केवल 71 हजार रुपये दिए। बाकी रकम एटीएम और चेक के जरिए निकालकर आपस में बांट ली।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3.50 लाख रुपये नकद, 75 एटीएम कार्ड, 28 चेकबुक, सात पासबुक, 12 मोबाइल, 11 सिम, आठ पहचान पत्र, दो पैन कार्ड और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।
जनवरी से बरेली में सक्रिय था नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम नयन गुप्ता, राकेश गुप्ता, अनिल गुप्ता और ऋषभ कुमार सक्सेना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरोह पहले दिल्ली में सक्रिय था और जनवरी से बरेली में नेटवर्क चला रहा था। मामले में आमिर खां उर्फ यामिर खां को भी आरोपी बनाया गया है, जो फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपियों के खिलाफ बरेली और बदायूं में पहले से धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेस-वे पर ‘सैलाब’ का वीडियो वायरल, पानी के बीच ऐसे गुजरते दिखे वाहन



