गोरखपुर में PDA जनपंचायत से गरमाई सियासत, राम आसरे ने BJP पर लगाए बड़े आरोप
गोरखपुर की PDA जनपंचायत में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर पिछड़ों-दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने सपा सरकार बनने पर सामाजिक न्याय का दावा किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की पीडीए जनपंचायत में सामाजिक न्याय और पिछड़े-दलित वर्ग के अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। सोमवार को खोराबार क्षेत्र के सुबाबाजार में आयोजित कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर पिछड़ों और दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर वंचित वर्गों को उनका अधिकार, सम्मान और हिस्सेदारी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा सामाजिक न्याय की विरोधी है। उनके मुताबिक, भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी बढ़ी है तथा गरीब, किसान, नौजवान, पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर जनता को गुमराह किया, लेकिन आम लोगों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं आया। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा की सरकार रहेगी, पिछड़े और दलित समाज को न्याय मिलना मुश्किल है।
छात्र-नौजवानों के मुद्दे पर भी घेरा
राम आसरे ने छात्र और युवा आंदोलनों का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने जंतर-मंतर पर आंदोलनों के दौरान पुलिस कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार कार्रवाई करने वालों को बचाने में लगी है।
उन्होंने भाजपा सरकार को छात्र, नौजवान और गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि सत्ता परिवर्तन से ही सभी वर्गों के हितों की रक्षा संभव होगी।
PDA जनपंचायत में जुटे सपा कार्यकर्ता
कार्यक्रम का आयोजन गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के खोराबार स्थित जमुना टोला, सुबाबाजार में सपा नेता गणेश पासवान के आवास पर हुआ। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष सच्चिदानंद यादव ने की, जबकि संचालन जितेंद्र यादव ने किया।
कार्यक्रम में जिला महासचिव रामनाथ यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी, दयाशंकर निषाद, रामजतन यादव, राजेश पासवान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: साइबर ठगी की रकम से लेकर माफिया की संपत्ति तक, DIG ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश



