गोरखपुर के केंद्रीय विद्यालय में संस्कृत का जलवा, इन छात्रों ने प्रतियोगिताओं में मारी बाजी

गोरखपुर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में सात दिवसीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव का समापन हुआ। श्लोक पाठ, चित्रकला और गद्य वाचन में विद्यार्थियों ने प्रतिभा दिखाई।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : गोरखपुर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, वायुसेना स्थल में सात दिवसीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव का सोमवार को समापन हुआ। 25 से 31 अगस्त तक चले इस आयोजन में विद्यार्थियों को संस्कृत की समृद्ध परंपरा के साथ उसके वैज्ञानिक और ऐतिहासिक पक्ष से परिचित कराया गया। अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई।

श्लोक पाठ में अमृतांश और अक्षिता ने बाजी मारी

महोत्सव के दौरान श्लोक पाठ प्रतियोगिता कराई गई। माध्यमिक वर्ग में अमृतांश ने पहला, आराध्या चौरसिया ने दूसरा और आकृति मंडल ने तीसरा स्थान हासिल किया। उच्च माध्यमिक वर्ग में अक्षिता प्रथम, रुचिका त्रिपाठी द्वितीय और रश्मि पाण्डेय तृतीय रहीं।

विद्यालय में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ाने और भाषा के साथ उनके जुड़ाव को मजबूत करना रहा।

चित्रकला और गद्य वाचन में भी दिखी प्रतिभा

चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यमिक वर्ग में अनन्या मौर्या ने प्रथम, सुहानी ने द्वितीय और अर्पित चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उच्च माध्यमिक वर्ग में रश्मि पाण्डेय प्रथम, अनुष्का विश्वकर्मा द्वितीय और प्रतिभा पासवान तृतीय रहीं।

गद्य वाचन के माध्यमिक वर्ग में अमृतांश प्रथम, तनवीर द्वितीय और आद्या शर्मा तृतीय रहे। वहीं उच्च माध्यमिक वर्ग में अक्षिता सिंह ने पहला, नमन उपाध्याय ने दूसरा और भूमिका ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्राचार्य बोले- संस्कृत संस्कृति की आत्मा

समापन समारोह में विद्यालय के प्राचार्य बैरिस्टर पाण्डेय ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्कृत सिर्फ एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा है। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में संस्कृत के प्रयोग की आदत विकसित करने और इसके व्यावहारिक महत्व को समझने का आह्वान किया।

महोत्सव का आयोजन संस्कृत विभाग के शिक्षक सानु त्रिपाठी और आशीष कुमार त्रिपाठी की देखरेख में हुआ।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: एक ही स्कूल की तीन छात्राएं बनीं विजेता, शतरंज प्रतियोगिता में हासिल की बड़ी उपलब्धि

Related Articles

Back to top button