पंत पार्क से अचानक गायब हुए दो बच्चे, CCTV ने खोला रास्ता तो रेलवे स्टेशन पर मिले
गोरखपुर में इलाज कराने आए परिवार के दो बच्चे पंत पार्क से लापता हो गए। कैंट पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से दोनों को रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क : गोरखपुर में परिजन का इलाज कराने आए परिवार के लिए कुछ घंटे बेहद चिंता भरे रहे। पंत पार्क, यूनिवर्सिटी गेट के सामने से दो बच्चे अचानक लापता हो गए। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस ने तेजी से तलाश शुरू की। आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को बच्चों की लोकेशन रेलवे स्टेशन की ओर मिली, जहां दोनों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
दवा लेने गया था परिवार का सदस्य
पुलिस के अनुसार, आवेदक अपने परिजन के इलाज के लिए दोनों बच्चों के साथ गोरखपुर आया था। पंत पार्क, यूनिवर्सिटी गेट के सामने परिजन को बैठाने के बाद वह दवा लेने के लिए राज आई हॉस्पिटल चला गया।
वापस लौटने पर दोनों बच्चे मौके पर नहीं मिले। काफी तलाश करने के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों ने कैंट थाने की पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज से रेलवे स्टेशन तक पहुंची पुलिस
बच्चों के लापता होने की जानकारी मिलते ही कैंट पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की।
फुटेज में बच्चों की गतिविधियां रेलवे स्टेशन की दिशा में जाती दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पर तलाश तेज की और दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
परिजनों को सौंपे गए दोनों बच्चे
बच्चों के मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में की गई। विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी और पुलिस टीम की सक्रियता से बच्चों को समय रहते बरामद कर लिया गया।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: सीतापुर में कार्यक्रम के बीच ऐसा क्या हुआ? विवाद के बाद महिला की मौत, छह पर केस



