ससुराल आया था युवक, सुबह पेड़ से लटका मिला शव; रातभर तलाशते रहे परिजन
सीतापुर के अहमदपुर गांव में ससुराल आए युवक पुनीत गौतम का शव पेड़ से लटका मिला। सोमवार रात से वह लापता था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर पोस्टमार्टम कराया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ससुराल आए एक युवक का शव सड़क किनारे यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिला। सोमवार देर शाम घर से निकलने के बाद युवक वापस नहीं लौटा था। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर मिली। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मानपुर-तेंदुआ मार्ग किनारे मिला शव
अहमदपुर गांव के दक्षिण स्थित मानपुर-तेंदुआ संपर्क मार्ग के किनारे मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव की पहचान झांसापुर निवासी पुनीत पुत्र तेजपाल गौतम के रूप में की।
पुलिस के मुताबिक पुनीत रविवार को अपनी ससुराल अहमदपुर आया था। करीब 15 वर्ष पहले उसका विवाह गांव निवासी रंजना से हुआ था, जिसके बाद उसका ससुराल से लगातार संपर्क बना रहा।
सोमवार रात से था लापता, रातभर तलाश
परिजनों के अनुसार सोमवार को पुनीत नशे की हालत में था। देर शाम वह घर से बाहर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने रातभर उसकी तलाश की। मंगलवार सुबह सड़क किनारे पेड़ से उसका शव लटका मिलने की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: रेप केस में फंसाने की धमकी, युवक से लिए 2 लाख; फिर मांगे और पैसे, महिला गिरफ्तार



