36 हजार करोड़ का गंगा एक्सप्रेसवे धंसा, सड़क पर बना कई फीट गहरा गड्ढा

उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे की प्रयागराज लेन पर किमी 423.6 के पास सड़क कई फीट धंस गई। वीडियो वायरल होने के बाद कार्यदायी संस्था ने मरम्मत शुरू की। गुणवत्ता पर सवाल उठे।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उन्नाव में करीब 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किए गए गंगा एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रयागराज जाने वाली लेन पर किलोमीटर संख्या 423.6 के पास एक्सप्रेसवे का एक हिस्सा कई फीट तक धंस गया और सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अचानक धंसा एक्सप्रेसवे, सड़क पर बना बड़ा गड्ढा

बताया जा रहा है कि उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे की प्रयागराज जाने वाली लेन पर यह मामला सामने आया है। किलोमीटर संख्या 423.6 के पास सड़क का एक हिस्सा धंसने से कई फीट गहरा गड्ढा बन गया।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को देखा जा सकता है। घटना सामने आने के बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण की गुणवत्ता और सड़क की मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

एक्सप्रेसवे के रंग का शॉल डालकर छिपाने की कोशिश का दावा

मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। आरोप है कि धंसे हुए हिस्से को एक्सप्रेसवे के रंग से मिलता-जुलता शॉल डालकर छिपाने की कोशिश की गई। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्यदायी संस्था आनन-फानन में क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत में जुट गई। सड़क धंसने की वजह क्या रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे पर उठे सवाल

गंगा एक्सप्रेसवे करीब 594 किलोमीटर लंबा है और इसे 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। यह उत्तर प्रदेश के प्रमुख एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट्स में शामिल है और प्रयागराज समेत कई क्षेत्रों के बीच तेज कनेक्टिविटी का अहम माध्यम माना जाता है।

ऐसे में एक्सप्रेसवे के एक हिस्से के धंसने की घटना ने निर्माण गुणवत्ता, जलनिकासी और सड़क की आधारभूत संरचना से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मरम्मत का काम कराया जा रहा है। धंसने के वास्तविक कारण और निर्माण मानकों से जुड़े पहलुओं पर संबंधित विभाग की जांच महत्वपूर्ण होगी।

रिपोर्ट – रंजन बाजपाई, उन्नाव

यह भी पढ़ें: छह-सात महीने में हुआ प्रसव, महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म; अस्पताल में खुशी

Related Articles

Back to top button