बिना मान्यता कक्षा 11 तक पढ़ाई, शिकायत के बाद मचा हड़कंप
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, विद्यालय में कंप्यूटर विषय के शिक्षक अर्णव गुप्ता ने आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में मिश्रिख तहसील क्षेत्र के नहर चौराहा स्थित एससीबी पब्लिक हाईस्कूल में बिना वैध विभागीय मान्यता के कक्षा 11 तक विद्यालय संचालित किए जाने समेत कई गंभीर आरोपों की शिकायत पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय प्रबंधन को पत्र जारी करते हुए प्रधानाचार्य को सुनवाई के लिए तलब किया है।
मामले में शिकायतकर्ता कंप्यूटर शिक्षक को भी अभिलेख और साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, विद्यालय में कंप्यूटर विषय के शिक्षक अर्णव गुप्ता ने आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी।
इसमें आरोप लगाया गया है कि विद्यालय का संचालन कक्षा 11 तक बिना वैध विभागीय मान्यता के किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने विद्यालय की प्रधानाचार्या शालू मिश्रा पर पुरुष शिक्षकों के मानसिक और व्यावसायिक शोषण तथा अमर्यादित भाषा के प्रयोग के आरोप भी लगाए हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रधानाचार्या की ओर से उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है और शिक्षण कार्य में बाधा उत्पन्न करने के साथ जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसमें विद्यालय के कोऑर्डिनेटर आशीष त्रिपाठी पर भी प्रधानाचार्या का सहयोग करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में 31 अगस्त की घटना का भी किया जिक्र
शिकायतकर्ता ने 31 अगस्त की एक घटना का भी उल्लेख किया है। उसके अनुसार, कक्षा सात के क्लास टीचर के रूप में छात्रों से प्रोग्रेस रिपोर्ट जमा कराने को कहने पर प्रधानाचार्या, कोऑर्डिनेटर और हिंदी शिक्षिका सलीमुन निशां ने उनके साथ आक्रामक व्यवहार किया। शिकायत के मुताबिक, विद्यालय के एचओडी समीर गौतम और हिंदी माध्यम के एचओडी गोविंद सर ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली।
दोनों पक्षों को साक्ष्य सहित बुलाया
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए सोमवार को अपने कार्यालय में सुनवाई निर्धारित की है। विद्यालय के प्रधानाचार्य को शिकायत से संबंधित समस्त पत्रावली और अभिलेख के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। वहीं शिकायतकर्ता अर्णव गुप्ता को भी साक्ष्य लेकर उपस्थित होने को कहा गया है।



