सीतापुर में हाईटेक हुआ मालखाना, QR कोड से ट्रैक होगा जब्त सामान
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस. ने रविवार को सीतापुर का वार्षिक समीक्षा भ्रमण किया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस. ने रविवार को सीतापुर का वार्षिक समीक्षा भ्रमण किया।
इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन स्थित महर्षि दधीचि सभागार में अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। इसके बाद कोतवाली देहात में लखनऊ परिक्षेत्र के पहले डिजिटल मालखाने (ई-मालखाना) का शुभारंभ किया।
डिजिटल मालखाने में मुकदमों से संबंधित जब्त माल पर क्यूआर कोड अंकित किया जाएगा। क्यूआर कोड स्कैन करते ही संबंधित माल का केस नंबर, विवरण और वर्तमान स्थिति की जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध हो सकेगी। पुलिस के अनुसार इससे मालखाने में जब्त सामान के रखरखाव और रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने के साथ न्यायालय में साक्ष्य प्रस्तुत करने की प्रक्रिया भी आसान होगी।
गुमशुदा महिलाओं और बालिकाओं की बरामदगी के लिए एक सप्ताह का अभियान
समीक्षा बैठक में आईजी ने महिला अपराधों, गंभीर और लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गुमशुदा बालिकाओं और महिलाओं की बरामदगी के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने को कहा।
अपराध शाखा में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध जांच के निर्देश दिए गए। गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई में तेजी लाने और चिन्हित मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने पर भी जोर दिया गया।
बीट की सूचना अब यक्ष ऐप पर होगी दर्ज
आईजी ने बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए बीट आरक्षियों को क्षेत्र की दैनिक गतिविधियों और बीट से संबंधित सूचनाएं यक्ष ऐप पर डिजिटल रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। वांछित और वारंटियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ ई-समन और आईटीएसएसओ जैसे तकनीकी पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया।
भू-माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई, एंटी भू-माफिया पोर्टल पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा फर्जी पहचान पत्रों पर सिम कार्ड जारी करने वाले गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
त्योहारों को लेकर सतर्कता के निर्देश
आगामी गणेश चतुर्थी और विश्वकर्मा जयंती को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रतिमा स्थापना, विसर्जन जुलूस और विसर्जन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ पीस कमेटी की बैठकों की जानकारी ली गई। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए।
इसके बाद आईजी ने कोतवाली देहात, साइबर थाना, मिशन शक्ति केंद्र और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट का निरीक्षण किया। साइबर थाने में हेल्पलाइन 1930 पर आने वाली शिकायतों की रिस्पांस टाइम और होल्ड कराई गई धनराशि की समीक्षा की गई।
वहीं मानव तस्करी से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और गुमशुदा बच्चों व महिलाओं की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह समेत सभी क्षेत्राधिकारी और राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।



