पावन खिंड दौड़ में युवाओं ने दिखाया उत्साह, राष्ट्रचेतना का लिया संकल्प

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरखपुर महानगर दक्षिण की ओर से युवा-केंद्रित गतिविधियों के अंतर्गत रविवार को शास्त्री चौक से नौका विहार तक पावन खिंड दौड़ का आयोजन किया गया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरखपुर महानगर दक्षिण की ओर से युवा-केंद्रित गतिविधियों के अंतर्गत रविवार को शास्त्री चौक से नौका विहार तक पावन खिंड दौड़ का आयोजन किया गया।इसमें बड़ी संख्या में युवाओं और विद्यार्थी स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को छत्रपति शिवाजी महाराज और अमर बलिदानी बाजी प्रभु देशपांडे के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराने के साथ शारीरिक सुदृढ़ता और राष्ट्रीय चेतना का विकास करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण जी ने की। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरक्ष प्रांत के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत जी रहे। उन्होंने वर्ष 1660 में हुई पावन खिंड की ऐतिहासिक लड़ाई का उल्लेख करते हुए कहा कि बाजी प्रभु देशपांडे सहित अनेक वीर योद्धाओं ने छत्रपति शिवाजी महाराज की रक्षा के लिए अदम्य साहस और अद्वितीय बलिदान का परिचय दिया। उनका शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर पावन खिंड दौड़ का आयोजन किया गया।दौड़ में प्रतिभागियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। नौसढ़ नगर के अमित साहनी ने प्रथम, शुभम निषाद ने द्वितीय, बुद्ध नगर के लकी ने तृतीय, अंकित गुप्ता ने चतुर्थ और आजाद नगर के अभिषेक साहनी ने पंचम स्थान प्राप्त किया।

समापन अवसर पर अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं महानगर दक्षिण के भाग सह विद्यार्थी कार्यप्रमुख आशुतोष जी ने अतिथियों, कार्यकर्ताओं और प्रतिभागी युवाओं के प्रति आभार जताया।इस अवसर पर भाग प्रचारक मनीष जी, भाग सायं प्रचारक संजीव जी, अखिल जी, जीत जी, ओम नारायण, अनुराग और सीतेश सहित संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

Related Articles

Back to top button