राजघाट की बदहाली पर गरमाई सियासत, सपा ने भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

गोरखपुर के राजघाट निर्माण को लेकर सपा ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं। पार्टी ने निर्माण की स्वतंत्र जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: राजघाट के निर्माण की बदहाल स्थिति को लेकर गोरखपुर की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए निर्माण में कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप लगाए हैं। सपा का कहना है कि निर्माण के लिए जारी करोड़ों रुपये की धनराशि के बावजूद काम की स्थिति सवाल खड़े कर रही है।

सपा ने अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

सपा की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया कि राजघाट निर्माण में सिंचाई विभाग के अधिकारियों और भाजपा से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर भ्रष्टाचार किया। पार्टी ने निर्माण की खराब स्थिति के लिए कमीशनखोरी को जिम्मेदार बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सपा ने यह भी दावा किया कि राजघाट की दुर्दशा के कारण दो अधिवक्ताओं की असामयिक मौत हुई। पार्टी ने अधिकारियों के कथित बयानों को असंवेदनशील बताते हुए सवाल उठाया कि ऐसे बयान देने वालों को किसका संरक्षण हासिल है।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल

समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। पार्टी ने आरोप लगाया कि छतरी, द्वार, पानी की टंकी, दीवार, सड़क और पुल जैसे निर्माणों की सुरक्षा को लेकर लोगों में आशंका है।

सपा ने मंदिर और संसद भवन की छतों से पानी टपकने की घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार पर तंज भी कसा।

गोरखपुर में ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार का जिक्र

सपा ने कहा कि गोरखपुर में सांसद, विधायक और महापौर भाजपा से हैं, जबकि मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का भी शहर से जुड़ाव है। इसके बावजूद निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठना गंभीर विषय है।

पार्टी ने राजघाट निर्माण की जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और निर्माण की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। सपा ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर इसे राजनीतिक संरक्षण से जोड़कर देखा जाएगा।

रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर

यह भी पढ़ें: दिल्ली हादसे के बाद गोरखपुर में एक्शन, जर्जर भवनों पर चला नगर निगम का बुलडोजर

Related Articles

Back to top button