आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग में श्री चरणी शीर्ष पर बरकरार

- दीप्ति शर्मा को फायदा, बल्लेबाजी में मंधाना-हरमनप्रीत शीर्ष 10 में शामिल
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दुबई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा मंगलवार को जारी टी20 गेंदबाजों की सूची में भारत की बाएं हाथ की स्पिनर शीर्ष क्रम पर बरकरार हैं। ताजा रैंकिंग में श्री चरणी पहले, इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टन दूसरे, इंग्लैंड की चार्ली डीन तीसरे, दक्षिण अफ्रीका की एन मल्बा चौथे और इंग्लैंड की लॉरेन बेल पांचवें स्थान पर हैं।
भारत की अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा को दो स्थान का फायदा हुआ है। दीप्ति अब छठे स्थान पर चली गई हैं। दीप्ति मौजूदा एशिया कप में शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने तीन मैचों में आठ विकेट लिए हैं। इंग्लैंड की लिंसे स्मिथ एक स्थान के नुकसान के साथ सातवें है, और पाकिस्तान की नशरा संधु एक स्थान की नुकसान के साथ आठवें नंबर पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की मारिजेन कैप को एक स्थान का फायदा हुआ है। वह नौवें नंबर पर हैं। पाकिस्तान की सादिया इकबाल एक स्थान के नुकसान के साथ दसवें स्थान पर हैं। महिला टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग पर नजर डालें तो, ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी पहले, ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वॉल दूसरे, दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट तीसरे, वेस्टइंडीज की हिली मैथ्यूज चौथे, भारत की स्मृति मंधाना पांचवें, श्रीलंका की चमारी अथापट्टू छठे, भारत की शफाली वर्मा सातवें, न्यूजीलैंड की अमेलिया केर आठवें, ऑस्ट्रेलिया की ताहिला मैक्ग्रा नौवें और भारत की हरमनप्रीत कौर 10वें स्थान पर हैं।
एशियाड के दौरान तय आवास में ही ठहरेंगे भारतीय खिलाड़ी, बीसीसीआई संतुष्ट
नई दिल्ली। जापान में होने वाले आगामी एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय क्रिकेटर आयोजन समिति की ओर से तय आवास में ही ठहरेंगे। क्रिकेटरों को हालांकि विदेशी दौरों पर आमतौर पर मिलने वाले पांच सितारा होटलों जैसी सुविधाएं नहीं मिलेगी।बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मंगलवार को यह जानकारी दी। शुक्ला ने कहा कि नागोया में शीर्ष श्रेणी के होटलों की कमी के कारण क्रिकेटरों के ठहरने को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन आवास को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं है और बीसीसीआई तथा खिलाड़ी मौजूदा व्यवस्था से संतुष्ट हैं। भारतीय दल के विदाई समारोह के दौरान शुक्ला ने कहा, आयोजक जो सुविधा दे रहे हैं, हम वहीं ठहर रहे हैं। हम लगातार यह देख रहे हैं कि खिलाडिय़ों को किस तरह का आवास दिया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो। निश्चित तौर पर यह पांच सितारा नहीं है लेकिन अच्छा और आरामदायक आवास है। क्रिकेटरों के लिए जो आवास तय किए गए हैं, उसकी तस्वीरें और वीडियो हमने मंगवाए हैं। मुझे लगता है कि यह आरामदायक है। खिलाड़ी वहीं ठहरेंगे क्योंकि दूसरा विकल्प उन्हें ओसाका या टोक्यो में ठहराने का था, जो काफी दूर है।



