‘एक कचौड़ी, दो समोसा…’ बरेली में सपा के इस नारे ने खींचा ध्यान, चुनाव आयोग पर हमला

बरेली में सपा ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क:  बरेली में गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च के जरिए चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया के खिलाफ मोर्चा खोला। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। आंबेडकर पार्क से शुरू हुआ मार्च गांधी पार्क पहुंचा, जहां जमकर नारेबाजी हुई। इसके बाद पार्टी नेताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

आंबेडकर पार्क से गांधी पार्क तक मार्च

जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता कोतवाली स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क के सामने जुटे। भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम, बहेड़ी विधायक अता उर रहमान, पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार, पूर्व विधायक सुल्तान बेग और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत कई नेता मार्च में शामिल रहे। कार्यकर्ता पार्टी के झंडे लेकर चौकी चौराहा होते हुए गांधी पार्क पहुंचे।

SIR और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

गांधी पार्क में सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘एक कचौड़ी, दो समोसा, ज्ञानेश कुमार क्या भरोसा’ जैसे नारे भी लगाए गए। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के जरिए मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने की आशंका है। पार्टी के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम ने दावा किया कि अतीक अहमद अंसारी नामक जीवित व्यक्ति को मतदाता सूची में मृत दर्शाकर उसका वोट काट दिया गया था। विधायक के मुताबिक शिकायत के बाद वोट दोबारा बनवाया गया।

बेरोजगारी-महंगाई से लेकर पेपर लीक तक मुद्दे

प्रदर्शन में सपा ने मतदाता सूची के साथ बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और पेपर लीक के मुद्दे भी उठाए। पार्टी नेताओं ने मतदाता सूची की शुचिता और पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा की मांग की। मार्च के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।

रिपोर्ट – सुनील सक्सेना, बरेली

यह भी पढ़ें: सीतापुर में लकड़ी कारोबारी की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव; पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

Related Articles

Back to top button