बंगला साहिब विवाद में अमित शाह का नाम क्यों आया? अकाल तख्त पहुंचे AAP विधायक
बंगला साहिब में दिल्ली पुलिस की एंट्री पर विवाद बढ़ा। AAP विधायकों ने अकाल तख्त से अमित शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, वहीं DSGMC की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब में 10 अक्टूबर को हुई घटना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब के विधायकों ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से मुलाकात कर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विधायकों का आरोप है कि दिल्ली पुलिस के जवान जूते पहनकर और सिर ढके बिना गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए, जिससे सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
अकाल तख्त साहिब पहुंचे AAP विधायक, सौंपा ज्ञापन
12 अक्टूबर को AAP विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने जत्थेदार को ज्ञापन सौंपकर मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, कुलदीप सिंह धालीवाल, मनविंदर सिंह ग्यासपुरा, जीवन जोत कौर और प्रोफेसर बलजिंदर कौर समेत कई नेता शामिल रहे। विधायकों ने कहा कि गुरुद्वारे शांति, सेवा और शरण के पवित्र स्थल हैं। उनके मुताबिक, पुलिस की कथित एंट्री से धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन हुआ है।
ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र, अकाली दल पर भी सवाल
AAP विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने 10 अक्टूबर की घटना को सिख समुदाय के लिए दुखद बताते हुए 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र किया। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने जत्थेदार से अमित शाह को तलब करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की अपील की।
DSGMC की शिकायत के बाद पुलिस जांच
विवाद के बीच दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) ने AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं पर गुरुद्वारे में राजनीतिक नारेबाजी करने और परिसर की मर्यादा भंग करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर वीडियो की जांच शुरू की है। इस तरह विवाद में पुलिस की एंट्री के साथ-साथ गुरुद्वारा परिसर में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं।
यह भी पढ़ें: बांदा में सपा नेताओं की बैठक, शिक्षकों और बेरोजगार युवाओं के मुद्दों पर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश



