दशहरा-दीपावली पर ट्रेन से सफर करने वाले सावधान! गोरखपुर स्टेशन पर GRP-RPF अलर्ट
Gorakhpur News: दशहरा और दीपावली पर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा बढ़ाई गई है। GRP-RPF की स्पेशल टीम लंबी दूरी की ट्रेनों में जांच कर जहरखुरानी और मोबाइल चोरी रोकने में जुटी है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: दशहरा और दीपावली पर घर लौटने वालों की भीड़ बढ़ने लगी है। ऐसे में रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने गश्त तेज कर दी है। लंबी दूरी की ट्रेनों में संदिग्धों की जांच की जा रही है, वहीं जहरखुरानी और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
लंबी दूरी की ट्रेनों में चेकिंग तेज
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र से गोरखपुर आने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में सुरक्षा एजेंसियां संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सामान की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं को रोकने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी गिरजेश विश्वकर्मा के मुताबिक, भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों को निशाना बनाने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं।
गहने चोरी करने की कोशिश की शिकायत, जांच जारी
रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक महिला यात्री ने गहने चोरी करने के प्रयास की शिकायत की। शिकायत के आधार पर जीआरपी ने एक संदिग्ध महिला से पूछताछ शुरू की है। फिलहाल मामले में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच गोरखपुर जीआरपी प्रभारी अनुज सिंह कर रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियों का जोर ऐसे मामलों की जांच करने और त्योहारों की भीड़ में यात्रियों के सामान को सुरक्षित रखने पर है।
स्पेशल टीम के साथ खुफिया निगरानी भी
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने और रिपोर्ट देने के लिए खुफिया टीम भी गठित की गई है।
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में बढ़ी निगरानी का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और चोरी व जहरखुरानी जैसी घटनाओं को रोकना है। यात्रियों को भी अपने सामान और आसपास की संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।
रिपोर्ट -अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़ें: डॉ. विकास वर्मा ने GST सुधारों का किया स्वागत,व्यापारियों को मिलेगी राहत



