बांदा में युवक की मौत से हड़कंप! बहन बोली- SC/ST केस में फंसाने की धमकी दी जा रही थी
Banda News: बांदा में ट्रेन से कटकर आशीष की मौत के बाद सुसाइड नोट और वायरल वीडियो चर्चा में हैं। बहन ने महिला पर झूठे SC/ST केस में फंसाने और तीन लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा में एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत के बाद मामला चर्चा में है। परिजनों का आरोप है कि एससी-एसटी एक्ट के कथित झूठे मुकदमे में फंसाए जाने और जेल जाने के डर से युवक परेशान था। मृतक की बहन ने गांव की ही एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक के पास से सुसाइड नोट मिलने और मौत से पहले वीडियो वायरल होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
बांदा में ट्रेन से कटकर युवक की मौत
मामला बांदा के फतेहगंज थाना क्षेत्र के करमाडांडी गांव का है। यहां रमेश के बेटे आशीष की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बदौसा पुलिस को मृतक के पास से सुसाइड नोट भी मिला है।
बहन का आरोप- झूठे SC/ST केस में फंसाने की धमकी
मृतक की बहन मधु सेन ने गांव की एक महिला पर आरोप लगाया है कि वह उनके भाई को कथित तौर पर झूठे एससी-एसटी मुकदमे में फंसाना चाहती थी। बहन के मुताबिक, महिला तीन लाख रुपये की मांग कर रही थी। परिजनों का कहना है कि आशीष ने अपनी परेशानी बयां करते हुए मौत से पहले एक वीडियो भी वायरल किया था। परिवार ने स्थानीय पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का आरोप भी लगाया है।
सुसाइड नोट और वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
युवक की मौत के बाद सुसाइड नोट, वायरल वीडियो और परिजनों के आरोप जांच के अहम पहलू बन गए हैं। क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता ने मामले से जुड़े पुलिस पक्ष की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवक की मौत के पीछे क्या कारण थे और लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
रिपोर्ट: इकबाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: बदायूं के निजी अस्पताल में मातम, प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत से मचा हड़कंप



