शेफाली-मंधाना के तूफान में उड़ा जिम्बाब्वे

- भारत ने नौ विकेट से दूसरा मैच जीतकर बनाई सीरीज में अजेय बढ़त
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
रायपुर। शेफाली वर्मा की तूफानी बल्लेबाजी और स्मृति मंधाना की शानदार पारी के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 मुकाबले में नौ विकेट से हरा दिया। रविवार को खेले गए इस मैच में भारत ने 103 रनों के लक्ष्य को महज 8.5 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों में 55 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान स्मृति मंधाना 47 रन बनाकर नाबाद लौटीं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी कर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।
शेफाली वर्मा का टी20 इंटरनेशनल करियर का 22वां अर्धशतक रहा। इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। निर्धारित 20 ओवर में टीम आठ विकेट खोकर सिर्फ 102 रन बना सकी। तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने जिम्बाब्वे को शुरुआती झटका दिया। पावरप्ले में जिम्बाब्वे की टीम एक विकेट के नुकसान पर सिर्फ 20 रन बना सकी। शुरुआती झटकों के बाद चिपो तिरिपानो और कप्तान जोसेफिन नकोमो ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी हुई, जो जिम्बाब्वे की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही। भारत की ओर से ऑफ स्पिनर निकी प्रसाद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए। निकी प्रसाद लगातार दो विकेट लेकर हैट्रिक के करीब पहुंच गई थीं, लेकिन वह यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सकीं। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने जिम्बाब्वे को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
एक वर्ष में सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं शेफाली
शेफाली वर्मा ने इस साल टी20 क्रिकेट में रनों के मामले में भी शानदार प्रदर्शन किया है। 2026 में उनके नाम अब तक 922 रन दर्ज हो चुके हैं। इस आंकड़े के साथ वह कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाली महिला खिलाडिय़ों की सूची में शीर्ष पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की एल. वोल्वार्ड्ट 824 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने इस साल 821 रन बनाए हैं। हांगकांग की नताशा माइल्स के नाम 800 रन दर्ज हैं। इसके अलावा शेफाली वर्मा ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। वह 2026 में अब तक महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान सर्वाधिक 50 या उससे ज्यादा रन की पारियां खेलने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। यह उनका इस साल का नौवां 50+ स्कोर रहा। इस सूची में भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2024 में आठ बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाए थे। पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज ने 2018 में सात बार यह उपलब्धि हासिल की थी। हॉन्गकॉन्ग की नताशा माइल्स भी 2026 में सात बार 50+ स्कोर बना चुकी हैं।



