बिजनौर में SHO की बड़ी लापरवाही, पुलिस ग्रुप में भेजा अश्लील वीडियो

आरोप है कि उन्होंने पुलिस के आधिकारिक और गोपनीय WhatsApp ग्रुप में एक महिला और पुरुष का आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर दिया था।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां बढ़ापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (SHO) नीरज तोमर को निलंबित कर दिया गया है।

आरोप है कि उन्होंने पुलिस के आधिकारिक और गोपनीय WhatsApp ग्रुप में एक महिला और पुरुष का आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर दिया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक (SP) कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए SHO के खिलाफ कार्रवाई की।

आरोप है कि संबंधित वीडियो पुलिस विभाग के उस WhatsApp ग्रुप में भेजा गया था, जिसका इस्तेमाल सरकारी कामकाज और विभाग से जुड़ी जरूरी सूचनाओं के लिए किया जाता है। ऐसे में इस तरह का वीडियो पोस्ट किए जाने को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए SHO नीरज तोमर को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना करीब पांच दिन पहले की है. बढ़ापुर थाना प्रभारी नीरज तोमर ने थाने के उस आधिकारिक WhatsApp ग्रुप में 1 मिनट 13 सेकेंड का एक अश्लील वीडियो पोस्ट कर दिया, जिसका इस्तेमाल पुलिस अधिकारी व कर्मचारी विभागीय संचार के लिए करते हैं. अपनी गलती का अहसास होने पर थाना प्रभारी ने कुछ ही देर में वीडियो को ग्रुप से डिलीट कर दिया.

हालांकि, तब तक ग्रुप में जुड़े अन्य पुलिसकर्मियों ने उस वीडियो को डाउनलोड कर लिया और उसके स्क्रीनशॉट ले लिए. ये मामला धीरे-धीरे पूरे बिजनौर पुलिस महकमे में चर्चा और गपशप का विषय बन गया, जिसके बाद मामले के स्क्रीनशॉट और जानकारी आलाधिकारियों तक पहुँच गई.

SP ने बैठाई गोपनीय जांच, सोमवार रात थाने पहुंची जांच टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजनौर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने तुरंत एक्शन लिया. SP ने मामले की निष्पक्ष और गोपनीय जांच कराने के आदेश दिए.

सोमवार रात जांच टीम अचानक बढ़ापुर थाने पहुंची, जहां ग्रुप में जुड़े पुलिसकर्मियों से पूछताछ की गई और उनके बयान दर्ज किए गए. जांच टीम ने तकनीकी तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों को खंगालने के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट एसपी को सौंप दी, जिसमें थाना प्रभारी को दोषी पाया गया.

औचक निरीक्षण के बाद सस्पेंड, नए थानाध्यक्ष की हुई तैनाती

बुधवार को बिजनौर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई खुद बढ़ापुर थाने का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला हेल्प डेस्क और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा महिला पुलिसकर्मियों से अलग से गोपनीय बातचीत कर फीडबैक लिया. जांच रिपोर्ट में पुष्टि होने पर एसपी ने थाना प्रभारी नीरज तोमर को तुरंत निलंबित कर दिया.

एसपी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि पुलिस विभाग में इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना आचरण और घोर लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निलंबन के तुरंत बाद एसपी ने बिजनौर पुलिस की सोशल मीडिया सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार को बढ़ापुर थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त कर तुरंत कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं.

Related Articles

Back to top button