ऋषभ पंत और बुमराह की होगी मैदान पर वापसी

- न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच में खेलने की उम्मीद
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए के तीसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच में खेलने की उम्मीद है, जो 7 से 10 नवंबर तक लिंकन में खेला जाना है। इस मुकाबले में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋ षभ पंत के भी शामिल होने की पूरी संभावना है, बशर्ते उन्हें बीसीसीआई की मेडिकल टीम से फिटनेस क्लीयरेंस मिल जाए। पंत और बुमराह दोनों ही न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जो वेलिंगटन (19 से 23 नवंबर) और क्राइस्टचर्च (27 नवंबर से 1 दिसंबर) में खेली जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार, पंत और बुमराह फिलहाल बंगलूरू स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में ट्रेनिंग कर रहे हैं, जहां पंत शुक्रवार को पहुंचे थे, जबकि बुमराह सोमवार को पहुंचे। बुमराह का सीओई पहुंचना किसी भी सीरीज से पहले सभी खिलाडिय़ों के लिए अनिवार्य रिटर्न-टू-प्ले शर्तों को पूरा करने के लिए है, जिसके बाद वे एक नवंबर को न्यूजीलैंड के लिए उड़ान भरेंगे। चयनकर्ताओं ने घरेलू मैचों से आराम दिया था, जिसके बाद से बुमराह अपने गृहनगर अहमदाबाद में ट्रेनिंग कर रहे थे। दूसरी ओर, पंत ईरानी कप के दौरान लगी साइड स्ट्रेन की चोट से उबर रहे हैं। पता चला है कि पंत ने सीओई में बैटिंग ड्रिल सहित हल्की ट्रेनिंग शुरू कर दी है। हालांकि उन्होंने अभी विकेटकीपिंग शुरू नहीं की है। चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले दो चार दिवसीय मैचों के लिए झारखंड के कुमार कुशाग्र को पंत के विकल्प के तौर पर चुना है।
सीएसके में माइक हसी का इस्तीफा, जहीर की एंट्री
नई दिल्ली। आईपीएल 2027 से पहले सीएसके ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर माइक हसी से अलग होने का फैसला किया है। वहीं, इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर गैरेथ बैटी को टीम का नया सहायक कोच नियुक्त किया गया है। बैटी अब टीम के नए मुख्य कोच जहीर खान के साथ काम करेंगे। यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब चेन्नई सुपर किंग्स पिछले तीन आईपीएल सत्र में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी है। वहीं फ्लेमिंग की जगह भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को चेन्नई सुपर किंग्स का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। आईपीएल 2027 जहीर खान का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ पहला सत्र होगा।
ऐसे में टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि नए कोचिंग स्टाफ के साथ टीम अपने प्रदर्शन में सुधार करेगी और खिताब जीतने की दौड़ में मजबूती से वापसी करेगी।



