बेटी की मौत, पिता को आखिरी दीदार भी नहीं! बांदा में दहेज प्रताड़ना का आरोप
बांदा के मलेहरा निवादा में विवाहिता मैना की संदिग्ध मौत के बाद पिता ने पति समेत पांच ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पिता को बेटी के अंतिम संस्कार की सूचना भी नहीं मिली।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: बेटी की शादी धूमधाम से की, इस उम्मीद के साथ कि वह अपने नए घर में खुशहाल जिंदगी बिताएगी। लेकिन पांच साल बाद पिता को उसकी मौत की खबर मिली तो वह बदहवास होकर अस्पताल पहुंचा। वहां बेटी का शव तक नहीं मिला। आरोप है कि पिता के पहुंचने से पहले ही ससुरालीजन अंतिम संस्कार कर चुके थे। बांदा के गिरवां थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पांच साल पहले हुई थी शादी, दो छोटे बच्चों की मां थी मैना
मामला गिरवां थाना क्षेत्र के मलेहरा निवादा गांव का है। यहां रहने वाली मैना की शादी करीब पांच साल पहले गांव के ही संदीप वर्मा से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें दो साल का बेटा और एक साल की बेटी शामिल हैं। मैना के पिता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर बेटी की मौत के मामले में न्याय की गुहार लगाई है।
एक लाख रुपये और बाइक मांगने का आरोप
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति संदीप, ससुर संतोष, सास शोभा, देवर सत्यम और ननद राधा एक लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर मैना को कथित तौर पर प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
अस्पताल पहुंचे पिता को नहीं मिला बेटी का शव
शिकायत के मुताबिक, 27 अक्टूबर को ग्रामीणों से पिता को पता चला कि मैना अस्पताल में भर्ती थी और उसकी मौत हो गई है। वह अस्पताल पहुंचा, लेकिन तब तक ससुरालीजन शव लेकर जा चुके थे। ससुराल पहुंचने पर उसे बताया गया कि अंतिम संस्कार भी हो चुका है। पिता का आरोप है कि उन्हें मौत की सूचना जानबूझकर नहीं दी गई।
अब पिता ने पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। मैना की मौत की असल वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट -इक़बाल खान, बांदा
यह भी पढ़ें: बांदा में खाद संकट से हाहाकार, घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी किसानों के हाथ खाली



