घर से निकला पिंटू कभी नहीं लौटा, तीन दिन बाद तालाब में मिला शव; हत्या का आरोप
सीतापुर के फत्तेपुरवा में तीन दिन से लापता 20 वर्षीय पिंटू का शव तालाब में मिला। परिजनों ने शराब ठेके पर विवाद के बाद हत्या का आरोप लगाया और पुलिस पर लापरवाही के सवाल उठाए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर में तीन दिन से लापता 20 वर्षीय युवक का शव तालाब में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर से निकला पिंटू वापस नहीं लौटा तो परिवार ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह गांव के बाहर तालाब में उसका शव उतराता मिला। अब परिजन इसे हादसा नहीं, बल्कि रंजिश में की गई हत्या बता रहे हैं। परिवार का आरोप है कि समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो शायद पिंटू की जान बच सकती थी।
शुक्रवार को घर से निकला था पिंटू, सोमवार को तालाब में मिला शव
मामला सदरपुर थाना क्षेत्र की कंजीखेड़ा ग्राम पंचायत के मजरा फत्तेपुरवा का है। मृतक की पहचान इंदल के 20 वर्षीय बेटे पिंटू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पिंटू शुक्रवार को घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद पिता ने उसी दिन सदरपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर तालाब में शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
शराब ठेके पर विवाद के बाद मिली थी जान से मारने की धमकी
परिजनों का आरोप है कि घटना से करीब चार दिन पहले गांव के शराब ठेके पर पिंटू का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। मृतक के भाई का दावा है कि आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। परिवार को आशंका है कि रंजिश के चलते पिंटू की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, पुलिस कर रही जांच
शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तालाब से निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। सीओ महमूदाबाद के मुताबिक, युवक की गुमशुदगी पहले से दर्ज थी। परिजनों के आरोपों और शराब ठेके पर हुए विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
रिपोर्ट – वली चौधरी, सीतापुर
यह भी पढ़ें: उन्नाव में हाईवे पर हंगामा! मवेशियों से भरा वाहन पकड़ा, बजरंगदल और भाजपा समर्थक भिड़े



