अनुकृति शर्मा की प्रेरणादायक कहानी, NASA से IPS तक का सफर

नासा में लाखों की तनख्वाह वाली नौकरी मिलने के बावजूद अनुकृति शर्मा ने उसे ठुकरा दिया और यूपीएससी की तैयारी में जुट गईं. फिर उन्होंने दो बार यूपीएससी परीक्षा पास की.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: नासा में लाखों की तनख्वाह वाली नौकरी मिलने के बावजूद अनुकृति शर्मा ने उसे ठुकरा दिया और यूपीएससी की तैयारी में जुट गईं. फिर उन्होंने दो बार यूपीएससी परीक्षा पास की. पहली बार उनका चयन आईआरएस के लिए हुआ और दूसरी बार वह आईपीएस अधिकारी के रूप में चुनी गईं.

कुछ लोगों के लिए यूपीएससी परीक्षा पास करना लोहे के चने चबाने जैसा होता है, जबकि कुछ लोगों के लिए यह थोड़ा आसान साबित होता है. तभी तो कुछ कैंडिडेट्स 4-5 प्रयासों के बाद भी एग्जाम क्रैक नहीं कर पाते, जबकि कुछ अपने पहले या दूसरे प्रयास में ही सफल हो जाते हैं. वहीं, कुछ कैंडिडेट्स एक्स्ट्रा टैलेंटेड होते हैं, जो 2-3 बार यूपीएससी परीक्षा क्रैक कर लेते हैं. राजस्थान के जयपुर की रहने वाली अनुकृति शर्मा भी उन्हीं में से एक हैं, जिन्होंने एक नहीं बल्कि दो बार यूपीएससी क्रैक किया है और अब आईपीएस अधिकारी के रूप में उत्तर प्रदेश में अपनी सेवाएं दे रही हैं.

आईपीएस अनुकृति शर्मा की असाधारण कहानी बताती है कि उन्होंने कई मुश्किलों के बाद अपना लक्ष्य हासिल किया. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा जयपुर के इंडो भारत इंटरनेशनल स्कूल से पूरी की और उसके बाद बैचलर ऑफ सिद्धा मेडिसिन एंड सर्जरी (BSMS) की डिग्री हासिल की. फिर वह कोलकाता स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च चली गईं. उसके बाद साल 2012 में अनुकृति को ह्यूस्टन (टेक्सास) स्थित राइस यूनिवर्सिटी में ज्वालामुखी अनुसंधान (Volcano Research) से जुड़े PhD प्रोग्राम के लिए चुना गया. अपनी पीएचडी के दौरान उन्हें वोल्केनो रिसर्च के लिए नासा से शानदार पैकेज वाली नौकरी का ऑफर मिला.

ठुकरा दी NASA की नौकरी
हालांकि अनुकृति ने नासा के उस जॉब ऑफर को ठुकरा दिया. इस दौरान उनके टीचर्स ने भी साइंस के क्षेत्र में ही करियर बनाने की सलाह दी, लेकिन इसके बावजूद वह घर लौट आईं और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी. अपने पहले दो प्रयासों में तो वह फेल हो गईं, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से इस तरह तैयारी की कि साल 2018 में अपने चौथे प्रयास में उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर ही ली. उन्होंने ऑल इंडिया 355वीं रैंक हासिल की और उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा यानी आईआरएस (IRS) के लिए हुआ.

पांचवें प्रयास में बनीं IPS अधिकारी
अनुकृति आईआरएस अधिकारी तो बन गईं थीं, लेकिन वह अपनी इस सफलता से ज्यादा खुश नहीं थीं, इसलिए उन्होंने साल 2020 में पांचवीं बार भी यूपीएससी की परीक्षा दी और इस बार शानदार 138वीं रैंक हासिल कर आईपीएस अधिकारी बन गईं. वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के अलावा अपने पति को भी देती हैं, जिन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. फिलहाल वह उत्तर प्रदेश में आईपीएस अधिकारी के रूप में तैनात हैं.

Related Articles

Back to top button