सरकार चाहती है युवा रील बनाए, सवाल न पूछे: राहुल

  • नेता प्रतिपक्ष ने की सीबीएसई और कोएम्प्ट की कथित मिलीभगत उजागर करने वाले छात्र सार्थक की प्रशंसा

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीबीएसई और कोएम्प्ट की कथित मिलीभगत उजागर करने वाले छात्र सार्थक सिद्धांत की प्रशंसा की है। उन्होंने इस मुद्दे पर पीएम मोदी पर करारा वार करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि युवा रील बनाएं, लेकिन इन छात्रों ने सवाल पूछकर देश की असली युवा शक्ति का प्रदर्शन किया है। सीबीएसई की ऑनस्क्रीन मार्किंग सिस्टम प्रणाली को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पिछले दिनों झारखंड के रांची के रहने वाले एक छात्र सार्थक सिद्धांत ने अपने ब्लॉग के जरिए इस सिस्टम को लेकर एक बड़ी पड़ताल सामने रखी थी, जिसने शिक्षा विभाग की नींव हिलाकर रख दी है।
अब इस पूरे मामले में कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी की एंट्री हुई है और उन्होंने सार्थक सिद्धांत व उनके दोस्त निसर्ग अधिकारी की जमकर तारीफ की है। राहुल गांधी ने कहा कि सीबीएसई और कोएम्प्ट के बीच चल रही मिलीभगत का पर्दाफाश करके इन युवाओं ने कमाल कर दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि देश के युवा सिर्फ रील बनाते रहें और पकौड़े तलते रहें, लेकिन इन दोनों युवाओं ने सरकार से जरूरी सवाल भी उठाए और खुद उनके जवाब भी ढूंढ़ निकाले।

कांग्रेस नेता ने मुलाकात का वीडियो किया शेयर

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते सार्थक सिद्धांत के साथ हुई अपनी मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। सार्थक, सीबीएसई की ओएसएम प्रक्रिया से प्रभावित छात्र हैं, जिन्होंने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए ओएसएम प्रक्रिया का टेंडर देने वाली वेंडर कंपनी के चयन में कथित अनियमितताओं और गड़बड़ी की तरफ इशारा किया है।

नौजवानों की जीत सही मायने में सरकार की करारी हार

राहुल गांधी ने सार्थक की सराहना करते हुए कहा, सार्थक की उम्र भले ही कम है, लेकिन अपनी सोच, साहस और सिद्धांतों में वह किसी से कम नहीं हैं। उसने और उसके साथी निसर्ग ने वो बड़ा काम कर दिखाया है जो देश के बड़े-बड़े मीडिया घराने और खोजी पत्रकार भी नहीं कर पाए। इन दोनों ने सीबीएसई और कोएम्प्ट के बीच के गठजोड़ को पूरी दुनिया के सामने लाकर रख दिया है। राहुल गांधी ने आगे कहा कि देश का यह बच्चा सीबीआई से भी तेज निकला और नौजवानों की यह बड़ी जीत सही मायने में सरकार की करारी हार है।

Related Articles

Back to top button