लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर में हड़कंप, KDA ने शुरू की ताबड़तोड़ सीलिंग!
लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण ने शहर में मानक विहीन कोचिंग सेंटरों पर सीलिंग अभियान शुरू कर दिया है। KDA की टीम ने कई संस्थानों पर कार्रवाई की, जबकि प्रशासन की बैठक के बाद बड़ा फैसला सामने आ सकता है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: लखनऊ के कोचिंग सेंटर अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस हादसे के बाद अब कानपुर प्रशासन और कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) भी सक्रिय नजर आ रहा है। शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और भवन मानकों की जांच शुरू कर दी गई है। मंगलवार शाम KDA अधिकारियों ने कई कोचिंग सेंटरों पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की, जिससे शिक्षा संस्थानों में हड़कंप मच गया।
शहर में लंबे समय से कई ऐसे कोचिंग सेंटर संचालित होने की शिकायतें मिलती रही हैं, जो भवन सुरक्षा और अन्य निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे थे। हालांकि अक्सर ऐसे मामलों में नोटिस जारी कर कार्रवाई को लंबा खींचा जाता रहा है, लेकिन इस बार अधिकारियों ने सीधे मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी।
मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग सेंटरों पर गिरी गाज
सूत्रों के अनुसार, KDA की टीम ने उन कोचिंग संस्थानों को चिन्हित किया, जहां सुरक्षा मानकों और भवन संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। शाम ढलते ही अधिकारियों ने कई स्थानों पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। लखनऊ में हुए हादसे के बाद प्रशासन सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। ऐसे में यह कार्रवाई केवल कानपुर तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि आने वाले दिनों में अन्य व्यावसायिक और शैक्षणिक संस्थानों की भी जांच तेज हो सकती है।
दोपहर की बैठक के बाद आ सकता है आधिकारिक बयान
जानकारी के मुताबिक दोपहर 1 बजे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद कार्रवाई की विस्तृत जानकारी और आगे की रणनीति को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया जा सकता है। फिलहाल इस पूरे मामले में न तो KDA अधिकारियों और न ही प्रशासनिक महकमे की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
हालांकि जिस तेजी से सीलिंग अभियान चलाया गया है, उससे संकेत मिल रहे हैं कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। लखनऊ अग्निकांड के बाद कानपुर में शुरू हुई यह कार्रवाई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की गंभीरता को दर्शाती है। अब सभी की निगाहें दोपहर की बैठक और उसके बाद आने वाले आधिकारिक फैसलों पर टिकी हैं।
रिपोर्ट – प्रांजुल मिश्रा
यह भी पढ़ें: बदायूं में जाम पर सख्ती: सड़क पर उतरे थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह, खुद हटवाया अतिक्रमण



