MP: राहुल गांधी के कार्यक्रम को नहीं मिली अनुमति? जीतू पटवारी ने CM को पत्र लिखकर उठाया मुद्दा

राहुल गांधी का इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम होना है, लेकिन स्टेडियम की अनुमति पर पेंच फंस गया है. इसको लेकर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है.

4पीएम न्यूज नेटवर्क: राहुल गांधी का इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होना है, लेकिन स्टेडियम की अनुमति पर पेंच फंस गया है. इसको लेकर कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी का इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 12 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होना है, लेकिन इसको लेकर कांग्रेस और नगर निगम में ठन गई है. इस बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया.

उन्होंने सीएम को लिखे पत्र में कहा कि राहुल गांधी का कार्यक्रम कोई सामान्य राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित जनसंवाद है.

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि सरकार को इस आयोजन की भावना, उपयोगिता और इसके व्यापक सामाजिक एवं राष्ट्रीय महत्व पर गौर करना चाहिए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष के तौर पर संवैधानिक पद पर आसीन जन प्रतिनिधि हैं और ऐसे में छात्रों और युवाओं के साथ उनके संवाद के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध करवाना आयोजन के महत्व के अनुरूप उचित होगा.

अधिकारियों को जरूरी निर्देश देने का आग्रह

पटवारी ने सीएम मोहन यादव से आग्रह किया कि उन्हें कांग्रेस के प्रस्ताव पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश देने चाहिए, ताकि नेहरू स्टेडियम को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन के लिए उपलब्ध कराया जा सके.

कांग्रेस नेता ने दी आंदोलन की चेतावनी

इससे पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि इस स्टेडियम को लेकर हाईकोर्ट का स्पष्ट आदेश है, जिसके तहत वहां खेलकूद गतिविधियों या राज्यस्तरीय शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन की ही अनुमति दी जा सकती है. शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने चेतावनी दी थी कि अगर नेहरू स्टेडियम में गांधी के कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली, तो आंदोलन किया जाएगा.

‘छात्रों की गूंज’ में 50,000 छात्रों को जुटाने की कोशिश

कांग्रेस ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में इंदौर और आस-पास के 50,000 छात्रों को जुटाने का प्रयास कर रही है. दरअसल, ‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया छात्र-संवाद अभियान है, जिसके तहत देश के अलग-अलग शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. विपक्षी दल इस अभियान के जरिए पेपर लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरने का प्रयास कर रहा है.

Related Articles

Back to top button