संगीत की दुनिया में शोक: लोकप्रिय सिंगर का ब्रेन स्ट्रोक से निधन

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से बुरी खबरें आने का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। नए साल शुरू हुए दो ही महीने बीते हैं..

4पीएम न्यूज नेटवर्क: एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से बुरी खबरें आने का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। नए साल शुरू हुए दो ही महीने बीते हैं..लेकिन, एक के बाद एक दुखद ख़बरें ही सामने आ रही हैं।

अब तक कई स्टार्स इस दुनिया को छोड़कर जा चुके हैं। तो अब, एक और सितारे के निधन की दुखद ख़बर सामने आई है।  इस बार ये दुखद खबर ओड़िया म्यूजिक इंडस्ट्री से आई है। ओडिया संगीत की मशहूर आवाजों में से एक मानी जाने वाली दिग्गज सिंगर गीता पटनायक का रविवार शाम को निधन हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, “73 साल की गीता पटनायक की 12 फ़रवरी को एक शो के दौरान तबीयत खराब हो गई थी और उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया था। जिसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में ले जाया गया था। उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया। तमाम कोशिशों के बावजूद, रविवार शाम करीब 6:18 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।”

गीता के निधन के बाद सोमवार को उनका अंतिम संस्कार कटक में किया गया। उनके निधन की पुष्टि उनके बहनोई प्रदोष पटनायक ने की। रिपोर्ट के मुताबिक, गीता पटनायक के जीजा प्रदोष पटनायक ने कहा कि “डॉक्टरों ने रविवार को इलाज के दौरान उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया था।”

तो, गीता पटनायक के निधन पर न केवल म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से बल्कि ओडिशा के नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने गीता पटनायक के निधन पर शोक व्यक्त किया।

सीएम मोहन चरण मांझी ने लिखा प्रख्यात गायिका गीता पटनायक के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ। उनका जाना ओडिशा के संगीत और संस्कृति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस दुख की घड़ी में, मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और भगवान श्री जगन्नाथ से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुख व्यक्त करते हुए कहा उनकी सुरीली आवाज ने ओडिया संगीत को हर घर तक पहुंचाया और उनके गीत हमेशा याद रहेंगे।

बात गीता की करें तो, दिवंगत सिंगर का करियर पांच दशकों से ज़्यादा समय तक चला। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई कलाकारों और म्यूजिशियन के साथ काम किया, लेकिन उन्हें दिग्गज ओडिया गायक अक्षय मोहंती के साथ गाए गए गानों के लिए सबसे अधिक जाना जाता है। उन्होंने कई लोकप्रिय ओडिया गीतों को अपनी आवाज दी, जिनमें फिल्म ‘जाजाबार’ का ‘फुर किना उदिगला बानी’ शामिल है।

म्यूजिक के प्रति उनके समर्पण के लिए गीता पटनायक को कई राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। उनकी आवाज में एक ऐसी सादगी और गहराई थी, जिसने उन्हें ओडिशा के घर-घर में पॉपुलर बना दिया। उन्होंने न केवल फिल्मों के लिए बल्कि गैर-फिल्मी गानों और भजनों को भी अपनी सुरीली आवाज दी।

बहरहाल, गीता एक ऐसी दुनिया में जा चुकी हैं, जहां से वापस आना किसी के लिए मुमकिन नहीं होता है। ऐसे में, ओडिया फिल्म और संगीत की दुनिया में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button