सनराइजर्स लीड्स ने पाक खिलाड़ी पर लगाया दांव

- आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का बहिष्कार करने की मांग तेज
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
लंदन। इंग्लैंड की फ्रेंचाइजी लीग द हंड्रेड के 2026 सीजन के लिए गुरुवार को खिलाडिय़ों की नीलामी हुई। इस दौरान भारतीय स्वामित्व वाली सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तान के अबरार अहमद पर दांव लगाया और उन्हें 2.34 करोड़ रुपये में खरीदा। सनराइजर्स फ्रेंचाइजी का मालिकाना हक सन ग्रूप के पास है जिसके मालिक कलानिथी मारन हैं। फ्रेंचाइजी की सीईओ और ग्रूप का प्रसिद्ध चेहरा काव्या मारन भी इस दौरान नीलामी टेबल पर मौजूद रहीं।
काव्या टीम के मुख्य कोच डेनिल विटोरी के साथ लंदन में मौजूद रहीं जब सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को खरीदने के लिए बोली लगाई। सनराइजर्स लीड्स के कप्तान हैरी ब्रूक हैं। पिछले कई वर्षों में यह पहली बार है जब आईपीएल से जुड़ी किसी फ्रेंचाइजी ने पाकिस्तानी क्रिकेटर को खरीदा है। मालूम हो कि आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम हिस्सा लेती है जिसका स्वामित्व सन ग्रूप के पास ही है। जिसके चलतेआईपीएल की फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन विवादों में घिर गई हैं और आईपीएल में सनराइजर्स का बहिष्कार करने की मांग सोशल मीडिया पर तेज हो गई है। यूजर्स सोशल मीडिया पर काव्या मारन की आलोचना कर रहे हैं और आईपीएल के आगामी सीजन में उनकी टीम का समर्थन नहीं करने की अपील की जा रही है। सोशल मीडिया पर यूजर्स पाकिस्तान के खिलाड़ी अबरार अहमद को द हंड्रेड टूर्नामेंट के लिए सनराइजर्स लीड्स टीम में शामिल करने का विरोध कर रहे हैं।
श्रीलंका दौरे पर टी20 सीरीज भी खेल सकता है भारत
नई दिल्ली। टी20 विश्वकप की चैंपियन भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर टी20 सीरीज भी खेल सकती है। अगले 12 महीने में व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के बावजूद भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेल सकती है। प्रस्तावित मैच निर्धारित द्विपक्षीय दौरे और टूर्नामेंट्स के साथ ही होंगे। बीसीसीआई श्रीलंका दौरे के दौरान तीन टी20 सीरीज भी खेलने का प्लान बनाने पर विचार कर रही है। ये टी20 सीरीज दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले होंगे जो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा है। टेस्ट सीरीज जुलाई-अगस्त में होनी है। दरअसल, टी20 सीरीज खेलना श्रीलंका क्रिकेट की ओर से प्रस्तावित है। श्रीलंका क्रिकेट ने बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए फंड जुटाने की योजना से इस टी20 सीरीज का प्रस्ताव रखा है। पिछले साल नवंबर में श्रीलंका में दितवाह तूफान आया था जिस कारण कई क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ था।



