ऑस्ट्रेलिया टी20 विश्वकप से हुआ बाहर!

- श्रीलंका से हारने के बाद बदला सुपर-8 का गणित
- निसांका का ऐतिहासिक शतक
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
पल्लेकेले। टी20 विश्वकप 2021 की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने लचर प्रदर्शन के कारण मौजूदा टूर्नामेंट में बाहर होने के मुहाने पर खड़ी है। सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद उसकी सुपर-8 की राहें कठिन हो गई हैं। अब उसे किसी चमत्कार का इंतजार है। बता दें पल्लेकेले में खेले गये मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल मार्श और ट्रेविस हैड की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में 10 विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाए और आठ विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
दरअसल, कंगारू लगातार दो मैचों में हार के साथ ग्रूप बी की अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है जबकि जिम्बाब्वे चार अंक के साथ दूसरे पायदान पर है। मंगलवार को जिम्बाब्वे का सामना आयरलैंड से होगा। अगर यह मैच जिम्बाब्वे जीत लेती है तो सुपर-8 में पहुंच जाएगी और ऑस्ट्रेलिया का सफर इस टूर्नामेंट में समाप्त हो जाएगा। ऑस्ट्रेलिया को अपना आखिरी मुकाबला ओमान से खेलना है। वहीं, श्रीलंका शीर्ष स्थान पर है। उसके खाते में छह अंक है। इस मुकाबले में श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने ताबड़तोड़ 52 गेंदों में नाबाद शतक जडक़र रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। वह श्रीलंका के लिए टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह कारनामा महेला जयवर्धने ने किया था। उन्होंने 2010 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 100 रनों की पारी खेली थी। इससे पहले इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 94 रन था, जो उमर अकमल ने 2014 में मीरपुर में बनाया था। यानी अब तक कोई भी बल्लेबाज टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक नहीं लगा पाया था, और यह पारी उस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए इतिहास में दर्ज हो गई।
राशिद खान 700 टी20 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज
नई दिल्ली। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ मुकाबले में इतिहास रच दिया। वह टी20 प्रारूप में 700 विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। राशिद पहले ही इस प्रारूप में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज थे, लेकिन अब उन्होंने 700 विकेट का आंकड़ा छू लिया है। इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने अपने चार ओवर के स्पैल में सिर्फ 24 रन खर्च किए और एक विकेट हासिल किया। मुहम्मद अरफान को आउट करते ही राशिद टी20 में 700 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। बता दें कि, राशिद पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में 191 विकेट के साथ सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं। दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमश: न्यूजीलैंड के टिम साउदी (164) और ईश सोढ़ी (162) मौजूद हैं।



