खिताब से दो कदम दूर भारत

  • वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराया, टी20 विश्वकप में लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम
  • संजू ने 50 गेंद में 12 चौके और चार छक्के की मदद से बनाए नाबाद 97 रन

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने सारे समीकरण ध्वस्त करते हुए टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत इस टूर्नामेंट के इतिहास में कुल छह और लगातार तीन बार सेमीफाइनल में पहुंचा है।
भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारत अगर वेस्टइंडीज को हरा सका तो इसके पीछे सबसे बड़ा योगदान सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का है जिन्होंने रविवार को दमदार पारी खेली। भारत के लिए सैमसन ने एक छोर से मोर्चा संभाले रखा और अंत तक टिके रहे। कोलकाता के ईडेन गार्डेंस में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की विस्फोटक पारी की मदद से 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। बता दें टीम इंडिया को 196 रन का लक्ष्य मिला तो सबकी उम्मीदें अभिषेक (10) और ईशान (10) पर टिकी थीं। हालांकि, भारत ने 41 रन पर इन दोनों के विकेट गंवा दिए। इस मौके पर संजू ने अपना साहस दिखाया और पहले सूर्यकुमार यादव, फिर तिलक वर्मा, फिर हार्दिक पांड्या और आखिर में शिवम दुबे के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई और सेमीफाइनल में जाना तय कर दिया। उन्होंने 50 गेंद में 12 चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 97 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 194 का रहा।

तीसरी बार सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे भारत-इंग्लैंड

भारत का सामना अब पांच मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड से होगा। ऐसा नहीं है कि दोनों टीमें इससे पहले सेमीफाइनल में नहीं भिड़ी हैं। यह लगातार तीसरी बार होगा जब भारत और इंग्लैंड फाइनल में पहुंचने के लिए एक दूसरे का सामना करेंगे। वानखेड़े स्टेडियम पर भारत और इंग्लैंड के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमें इस स्टेडियम में कुल दो बार टी20 में आमने-सामने हुई हैं। दिलचस्प बात है कि एक मैच भारत ने जीता है, जबकि एक मैच इंग्लैंड अपने नाम करने में सफल रहा है। यानी इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button