संजू धोनी के खास क्लब में शामिल होने को तैयार

- 9000 रन के ऐतिहासिक आंकड़े के करीब हैं कोहली
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 में भारतीय क्रिकेट के दो बड़े नाम विराट कोहली और संजू सैमसन अपने-अपने करियर की बड़ी उपलब्धियों के बेहद करीब हैं। एक तरफ सैमसन जहां विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खास क्लब में शामिल होने की दहलीज पर खड़े हैं, वहीं कोहली लीग इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रहे हैं, जिसे अब तक कोई बल्लेबाज छू नहीं पाया है।
संजू की नजर आईपीएल 2026 में एक खास उपलब्धि पर है। आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ही ऐसे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 5000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। सैमसन इस क्लब में शामिल होने से महज 296 रन दूर हैं। 2013 से 2025 के बीच 177 मैचों में 4704 रन बना चुके सैमसन यह खास मुकाम हासिल कर सकते हैं। खास बात यह भी है कि इस बार वह धोनी की ही टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे, जिससे यह उपलब्धि और भी खास बन सकती है। दूसरी ओर, कोहली को 9000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 339 रनों की जरूरत है, और ऐसा करते ही वह लीग में यह आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। कोहली पिछले तीन सीजन में उन्होंने लगातार 50 से ऊपर की औसत से रन बनाए हैं, जिसमें 2023, 2024 और 2025 में उन्होंने क्रमश: 639, 741 और 657 रन बनाए। 2008 से आरसीबी के लिए खेल रहे कोहली के नाम पहले ही 8661 रन दर्ज हैं। वह आईपीएल में 8000 रन का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं और सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड भी उनके नाम ही है।
डेथ ओवर के किंग हैं बुमराह, अब तक झटके 183 विकेट
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शुमार जसप्रीत बुमराह का आईपीएल में सफर सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर सुधार, दबाव में प्रदर्शन और मैच जिताने की कला की कहानी भी है। मुंबई इंडियंस के साथ उनका जुड़ाव पिछले एक दशक से ज्यादा समय से है, और इस दौरान उन्होंने खुद को टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में स्थापित किया है। अब तक 145 मैचों में 183 विकेट, 22.02 की औसत और कई मैच जिताने वाले स्पेल किये हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि बुमराह सिर्फ एक गेंदबाज नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद मैच-विनर हैं। उन्होंने चार बार एक सीजन में 20 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं और 2 बार पांच विकेट हॉल भी दर्ज किया है।



