आईपीएल 2026: मुंबई की नजर छठे खिताब पर

- रोहित-रिकेल्टन दिलाएंगे आतिशी शुरुआत, मुंबई के ऑलराउंडर्स हैं खतरनाक
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। आईपीएल के 19वें सीजन में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस एक बार फिर खिताब की मजबूत दावेदार के रूप में उतरने जा रही है। टीम कागज पर बेहद संतुलित नजर आ रही है, जहां बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक हर विभाग में गहराई दिखाई देती है। तो क्या हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस छठी बार ट्रॉफी अपने नाम कर पाएगी। मुंबई की बल्लेबाजी इस सीजन उसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर सकती है।
रोहित शर्मा के अनुभव के साथ रेयान रिकेल्टन और क्विंटन डिकॉक जैसे आक्रामक बल्लेबाज मौजूद हैं, जिनमें से कोई भी पारी की शुरुआत करते हुए नजर आ सकता है। मुंबई की सबसे बड़ी खासियत उसका मजबूत ऑलराउंड डिपार्टमेंट भी है। कप्तान हार्दिक पांड्या के अलावा विल जैक्स, शार्दुल ठाकुर और कॉर्बिन बॉश जैसे खिलाड़ी टीम को जबरदस्त संतुलन देते हैं। गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे, जिनका साथ ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर जैसे अनुभवी गेंदबाज देंगे। स्पिन विभाग में भी मिचेल सैंटनर और अल्लाह गजनफर टीम को विविधता प्रदान करते हैं, जबकि मयंक मार्कंडेय भी अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। अगर टीम के प्रमुख खिलाड़ी अपनी लय बरकरार रखते हैं और कप्तान हार्दिक पांड्या सही रणनीति अपनाते हैं, तो मुंबई इंडियंस के पास आईपीएल 2026 में छठी बार खिताब जीतने का सुनहरा मौका होगा।
मजबूत बल्लेबाजी के दम पर उतरेगी दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स एक बार फिर अपने पहले खिताब की तलाश में मैदान पर उतरने जा रही है। अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम इस बार संतुलित बल्लेबाजी लाइनअप के साथ नजर आ रही है, लेकिन तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमजोरी उसके लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। क्या इस बार दिल्ली का लंबा इंतजार खत्म हो पाएगा या नहीं। केएल राहुल पिछले सीजन शानदार लय में नजर आए थे और इस बार भी उनसे टीम को बड़ी उम्मीदें होंगी। उनके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया था, जबकि अभिषेक पोरेल ने भी लगातार अच्छा प्रदर्शन करके अपनी उपयोगिता साबित की थी। टॉप ऑर्डर में टीम के पास अच्छे विकल्प मौजूद हैं। बेन डकेट और पृथ्वी शॉ के रूप में दिल्ली के पास दो आक्रामक सलामी बल्लेबाज हैं, जो टीम को तेज शुरुआत दिला सकते हैं। वहीं, नीतीश राणा का अनुभव मिडिल ऑर्डर को मजबूती देता है। इसके अलावा डेविड मिलर को टीम में शामिल करने से बल्लेबाजी और भी संतुलित नजर आती है, जो मुश्किल परिस्थितियों में पारी को संभालने के साथ-साथ तेजी से रन भी बना सकते हैं।



