बांदा में पुलिस से भिड़े पशु चोर, मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार

बांदा में पुलिस और पशु चोरी करने वाले गैंग के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। आरोपियों के पास से दो लूटी हुई भैंसें, 95 हजार रुपये नकद और अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं।

4pm न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश के बांदा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से ग्रामीण इलाकों में पालतू पशुओं की चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय गैंग के तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल भी हुआ है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकद रुपये, अवैध असलहा और चोरी की गई भैंसें भी बरामद की हैं। फिलहाल पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।

चाहितारा के जंगल में हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार यह मुठभेड़ रात करीब 10 बजे कोतवाली देहात क्षेत्र के चाहितारा जंगल में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसओजी और देहात कोतवाली की टीम ने जंगल में घेराबंदी कर दी। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी दौरान एक बदमाश फिरोज के पैर में गोली लग गई और पुलिस ने तीनों को घेरकर पकड़ लिया।

यह भी पढ़ें: कानपुर: 13 घंटे में मां की मौत… क्रिकेटर का आरोप-अस्पताल ने वसूले पैसे, फिर फंसा दिया फर्जी केस में

तीनों आरोपी फतेहपुर के रहने वाले

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें फिरोज, पंकज और चंदन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक फिरोज फतेहपुर जिले का रहने वाला है और वह पहले से ही हिस्ट्रीशीटर अपराधी बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने दो लूटी हुई भैंसें, करीब 95 हजार रुपये नकद और दो तमंचे बरामद किए हैं।

कई जिलों में सक्रिय था गैंग

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गैंग काफी समय से सक्रिय था और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के घरों से भैंस और अन्य पालतू जानवर चुरा ले जाता था। चोरी किए गए पशुओं को पिकअप वाहन में भरकर दूसरे जिलों में बेच दिया जाता था। फतेहपुर और उन्नाव जैसे जिलों में इन पशुओं को बेचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस लंबे समय से इस गैंग की तलाश कर रही थी।

गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश जारी

इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी संगठित तरीके से पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। फिरोज एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।

रिपोट-इकबाल खान बांदा

यह भी पढ़ें: उन्नाव में चला बुलडोजर: हाईकोर्ट के निर्देश पर सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा

Related Articles

Back to top button