लखीमपुर कचहरी में गोली चलने के बाद बड़ा एक्शन, जिला जज ने लिया जायजा

लखीमपुर खीरी कचहरी में हुए गोलीकांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला जज शिवा कुमार ने अदालत परिसर का निरीक्षण कर गेटों और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। पुलिस को संदिग्ध लोगों की सख्त जांच और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क: लखीमपुर खीरी की कचहरी में हुए हालिया गोलीकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। घटना के अगले ही दिन अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला जज ने खुद मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे जिला जज शिवा कुमार कचहरी परिसर पहुंचे और वहां मौजूद सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग गेटों का निरीक्षण किया और सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

कचहरी के सभी गेटों की जांच

निरीक्षण के दौरान जिला जज ने कचहरी के प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर आने-जाने वाले व्यक्ति की ठीक से जांच की जाए और बिना जांच के किसी को भी अंदर प्रवेश न दिया जाए। इसके साथ ही सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस को बढ़ाने को कहा गया सतर्कता

जिला जज ने साफ कहा कि अदालत परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद अहम है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि कचहरी में गश्त बढ़ाई जाए और हर समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिला जज को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी दी और बताया कि घटना के बाद कचहरी परिसर में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

गोलीकांड के बाद बढ़ी चिंता

बीते दिनलखीमपुर खीरी की कचहरी में हुए गोलीकांड ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए थे। इसी वजह से प्रशासन अब सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में कचहरी परिसर में सुरक्षा के और कड़े इंतजाम किए जाएंगे ताकि ऐसी घटनाओं की दोबारा संभावना न रहे।

यह भी पढ़ें: असम का सियासी रण : आरोपों की आंधी में घिरे सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और परिवार

Related Articles

Back to top button