भाजपा बंगाल में डर का माहौल बना रही : ममता बनर्जी

- सीएम बोलीं- लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को परास्त करेगी टीएमसी
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
कोलकाता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा बंगाल में डर का माहौल बनाने के लिए युद्ध की गाडिय़ां लेकर आई है, लेकिन बंगाल की जनता किसी भी कीमत पर डरने वाली नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस लड़ाई को लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेंगी और भाजपा को परास्त करेंगी। ममता बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे प्रवासी श्रमिकों की भावनाओं का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि मजदूरों को गीता और अन्य धर्मग्रंथों की कसम खिलवाई जा रही है ताकि वे भाजपा के पक्ष में मतदान करें। मुख्यमंत्री ने इसे राजनीति का अब तक का सबसे गिरता हुआ स्तर करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बिल 23 में ही पारित हो गया था, तो उसे अब तक प्रभावी ढंग से लागू क्यों नहीं किया गया? उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान की बात तो करती है, लेकिन उनकी मंशा में खोट है। महिला आरक्षण बिल पर चर्चा करते हुए ममता बनर्जी ने पीएम मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, पिछले शुक्रवार को लोकसभा में बिल के मामले में सरकार को मुंह की खानी पड़ी है। मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि अब अपनी हार और खराब छवि को छिपाने के लिए प्रधानमंत्री रोने का नाटक कर रहे हैं।



