आरसीबी को हरा जीटी की तालिका में स्थिति मजबूत

  • लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने बेंगलुरु को चार विकेट से हराया

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
अहमदाबाद। अरशद खान की अगुवाई में गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन के बाद शुभमन गिल और जोस बटलर की दमदार बल्लेबाजी के बदौलत गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आरसीबी के खिलाफ चार विकेट से शानदार जीत दर्ज की। गुरुवार को अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने देवदत्त पडिक्कल की 40 रनों की पारी की मदद से 19.2 ओवर में 10 विकेट पर 155 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम ने 15.5 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गुजरात की यह आईपीएल में लक्ष्य का पीछा करते हुए 26वीं जीत है। वहीं, 13 मुकाबलों में टीम को शिकस्त मिली है। इस जीत के साथ शुभमन गिल के नेतृत्व वाली टीम की स्थिति अंक तालिका में मजबूत हो गई है। नौ में से पांच मुकाबले जीत चुकी गुजरात के खाते में 10 अंक के साथ पांचवे स्थान पर हैं। वहीं, आरसीबी तीन मैच हारकर फिलहाल दूसरे पायदान पर मौजूद है। साई सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ तीन ओवरों में 42 रन की साझेदारी की। सुदर्शन छह रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि गिल ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए। इससे पहले, आरसीबी को जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान रजत पाटीदार के साथ मोर्चा संभाला। दोनों खिलाडिय़ों ने तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 44 रन की साझेदारी की। फिर वेंकटेश अय्यर ने भुवेश्वर कुमार के साथ नौवें विकेट के लिए 29 रन जोडक़र टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

राजस्थान के खिलाफ खेल सकते हैं मिचेल स्टार्क

जयपुर। दिल्ली कैपिटल्स के पास पिछले कुछ मैच के निराशाजनक नतीजों पर विचार के लिए अधिक समय नहीं है। टीम को शुक्रवार को आईपीएल मैच में आत्मविश्वास से भरी राजस्थान रॉयल्स का सामना करना है। अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली की टीम के लिए यह सत्र काफी मुश्किलों भरा रहा है। पिछले दो मैच में टीम के प्रदर्शन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एक तरफ उन्होंने 250 से अधिक का स्कोर बनाया लेकिन विरोधी टीम ने विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए उस लक्ष्य को हासिल कर लिया। वहीं, दूसरी तरफ वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सिर्फ 75 रन पर ऑलआउट हो गए। दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चिंता उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी रही है। वहीं गेंदबाजी के मोर्चे पर दिल्ली के लिए कुछ अच्छी खबरें भी हैं। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क एक मई से खेलने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिलने के बाद टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं। लुंगी एनगिडी के उपलब्ध नहीं होने के कारण स्टार्क का टीम में शामिल होना दिल्ली के लिए एक बहुत ही जरूरी और सही समय पर मिला सहारा साबित हो सकता है। राजस्थान के लिए एक और सकारात्मक बात यह है कि धीमी शुरुआत के बाद अब उनका मध्य क्रम भी लय में लौट आया है।

Related Articles

Back to top button