दो हार के बाद न्यूजीलैंड ने खोला जीत का खाता

महिला टी20 विश्व कप: आयरलैंड को रोमांचक मुकाबले में 4 रन से हराया

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
साउथैम्पटन। महिला टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड ने रोमांचक मुकाबले में आयरलैंड को चार रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। साउथैम्पटन में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 140 रन बनाए, जिसके जवाब में आयरलैंड की टीम 136/4 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने टूर्नामेंट में अपना जीत का खाता खोला। वहीं, आयरलैंड को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। ग्रूप-दो में आयरलैंड सबसे निचले स्थान पर बनी हुई है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी आयरलैंड की टीम ने न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके दिए। टीम का स्कोर महज 10 रन पर तीन विकेट हो गया था। इसके बाद कप्तान अमेलिया केर ने 24 गेंदों में 30 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। ब्रूक हॉलिडे ने 37 गेंदों पर 34 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके बाद इजी शार्प के साथ पांचवें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। 141 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत खराब रही और एमी हंटर जल्दी आउट हो गईं। इसके बाद कप्तान गैबी लुईस और ऑर्ला प्रेंडरगास्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। प्रेंडरगास्ट ने 53 गेंदों में 59 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि गैबी लुईस ने भी अर्धशतक जड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने आयरलैंड को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था। जब आयरलैंड जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही थी, तब न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने 18वें ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। प्रेंडरगास्ट बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुईं, जबकि दो गेंद बाद रेबेका स्टोकल भी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद रोजमेरी मेयर ने गैबी लुईस का विकेट लेकर आयरलैंड की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

ऋ षभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी तय!

नई दिल्ली। आईपीएल 2027 से पहले एक बड़ी ट्रेड डील सामने आ सकती है। ऋ षभ पंत की अपने पुराने फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स में वापसी होने की संभावना है। इसके बदले में स्पिनर कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जाएंट्स भेजा जा सकता है। दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच ट्रेड को लेकर बातचीत जारी है और अंतिम मंजूरी बीसीसीआई और आईपीएल प्रशासन की ओर से मिलनी बाकी है। हालांकि, खिलाडिय़ों के ट्रांसफर से जुड़ी वित्तीय शर्तों और अन्य औपचारिकताओं पर अभी चर्चा जारी है। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने ऋ षभ पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। दिल्ली कैपिटल्स ने नेतृत्व संबंधी मतभेदों के बाद पंत को रिलीज कर दिया था, जिसके बाद लखनऊ ने उन पर बड़ा दांव लगाया था।

Related Articles

Back to top button