टी20 रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज बनीं श्री चरणी

- इंग्लैंड की चार्ली डीन दूसरे और हमवतन लिन्से स्मिथ तीसरे स्थान पर काबिज
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने इतिहास रच दिया है। जारी आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में अपने शानदार और मैच जिताऊ प्रदर्शन के दम पर वह पहली बार आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग के शीर्ष पायदान पर पहुंच गई हैं। आईसीसी की ताजा रैंकिंग अपडेट में उन्हें टूर्नामेंट में लगातार मैच जिताने वाले प्रदर्शनों का बड़ा इनाम मिला है। 21 साल की इस युवा खिलाड़ी ने इस वैश्विक प्रतियोगिता में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनकर दुनिया में पहला स्थान हासिल किया है।
इस धमाकेदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने इंग्लैंड की स्पिनर लिन्से स्मिथ को नंबर-1 के सिंहासन से नीचे धकेल दिया है। लीड्स में नीदरलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना दूसरा चार विकेट हॉल (चार विकेट) लेने के बाद, चरणी ने मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन विकेट चटकाए। इन दमदार प्रदर्शनों ने उन्हें इतने रेटिंग अंक दिलाए कि वह स्मिथ को पीछे छोडक़र महिला क्रिकेट की सर्वोच्च रैंकिंग वाली टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज बन गईं। जहां एक ओर श्री चरणी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया, वहीं इंग्लैंड की लिन्से स्मिथ विश्व कप की अपेक्षाकृत शांत शुरुआत के बाद दो स्थान फिसलकर तीसरे नंबर पर आ गई हैं। उनकी हमवतन खिलाड़ी चार्ली डीन इंग्लैंड के शुरुआती तीन मैचों में पांच विकेट लेने की बदौलत दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। पूर्व विश्व नंबर-1 सोफी एक्लेस्टोन चार पायदान की छलांग लगाकर चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि वेस्टइंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज नौ स्थानों के सुधार के साथ 11वें नंबर पर आ गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की किम गार्थ ने सबसे लंबी छलांग लगाई है, जो 25 स्थानों की बढ़त के साथ शीर्ष 20 में शामिल हो गई हैं। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना सुधार के साथ 25वें और आयरलैंड की ओर्ला प्रेंडरगास्ट भी महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर 26वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को मिला पद्म श्री
नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को पद्म अवॉर्ड्स दिए। वहीं, दिग्गज भारतीय टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण सम्मान और महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान सविता पूनिया को पद्म श्री पुरस्कार से नवाजा गया है। इतना ही नहीं, मध्य प्रदेश के भगवानदास रायकवार को मरणोप्रांत पद्म श्री पुरस्कार दिया गया। पूर्व भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को पद्म श्री से सम्मानित किया गया है। रोहित ने 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था, लेकिन वनडे क्रिकेट में वह भारत के अहम खिलाड़ी बने रहे। पिछले साल उन्होंने वनडे प्रारूप में 650 रन बनाए और टीम के लिए लगातार योगदान दिया। रोहित के ही नेतृत्व में भारत ने टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के खिताब जीते थे।



