भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी-20 मैच आज

  • सैमसन पर जारी रह सकता है भरोसा, वैभव को अभी करना पड़ सकता है इंतजार

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
मैनचेस्टर। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। लेकिन संजू सैमसन और तिलक वर्मा का फ्लॉप शो जारी रहा था। इससे अब एक बार फिर इस चर्चा को बल मिल गया है कि क्या टीम प्रबंधन कोई कड़ा फैसला लेगा या 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का इंतजार जारी ही रहेगा। अगर दूसरे टी20 मैच में भी टीम प्रबंधन सैमसन को मौका देता है तो फोकस इस पर रहेगा कि वह सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका दिए जाने की बढती मांग के बीच अपनी उपयोगिता साबित कर पाते हैं या नहीं।
भारत की टी20 विश्वकप में खिताबी जीत के सूत्रधार रहे सैमसन को कम से कम एक साल तक मौका दिया जा सकता था, लेकिन अब जबकि भारतीय क्रिकेट को सूर्यवंशी के रूप में एक असाधारण प्रतिभाशाली क्रिकेटर मिल गया है, ऐसे में सैमसन के लिए गलती की कोई गुंजाइश नहीं रह गई है। वहीं मोर्केल ने संकेत दिए हैं कि टीम प्रबंधन 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के टीम में शामिल होने के उत्साह के बावजूद संजू और अभिषेक शर्मा पर अपना भरोसा बनाए रखेगा। दूसरे टी20 मुकाबले से पहले उन्होंने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों का समर्थन करना जरूरी है। सैमसन के अलावा तिलक वर्मा को भी मध्यक्रम में तेज खेलना होगा। स्पिनरों के आने के बाद वह तेजी से रन नहीं बना पाते हैं। स्पिनरों की मददगार ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच पर गेंदबाजी में किसी बदलाव की संभावना नहीं है। यानी भारत एक बार फिर तीन स्पिनर और दो विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है। वहीं, शिवम दुबे के रूप में उसके पास छठा गेंदबाज होगा।

इंग्लैंड ने टीम में किये दो बदलाव

मैनचेस्टर। भारत के खिलाफ मैनचेस्टर में शनिवार को खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का एलान कर दिया है। टीम ने पहले मैच की तुलना में दो बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज जोश टंग को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिला है, जबकि जोफ्रा आर्चर की भी टीम में वापसी हुई है। आर्चर और तेज गेंदबाज जोश टंग को हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए आखिरी टेस्ट मैच में शामिल होने के कारण सीरीज के पहले मैच में आराम दिया गया था। वहीं, साकिब महमूद और ल्यूक वुड को इस मुकाबले के लिए बाहर कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button