सीतापुर में सपा नेता अनूप गुप्ता के मकान पर चस्पा हुआ नोटिस, 27 मकान मालिकों में मचा हड़कंप

सीतापुर की शिवपुरी कॉलोनी में 25 बीघा भूमि विवाद को लेकर सपा नेता अनूप गुप्ता समेत 27 मकानों पर जिलाधिकारी न्यायालय के नोटिस चस्पा किए गए। भवन स्वामियों को 24 जुलाई तक न्यायालय में दस्तावेजों सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: शहर की शिवपुरी कॉलोनी में भूमि स्वामित्व विवाद को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर तहसील प्रशासन ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता समेत 27 मकानों पर नोटिस चस्पा किए। इस कार्रवाई के बाद कॉलोनी में हलचल तेज हो गई है और पूरे मामले पर लोगों की नजरें टिक गई हैं।

25 बीघा भूमि के स्वामित्व को लेकर विवाद

प्रशासन के अनुसार, विवाद करीब 25 बीघा भूमि के स्वामित्व को लेकर है। राजस्व अभिलेखों में यह भूमि ग्राम छावनी गोरा बारीक के नाम दर्ज बताई जा रही है। इसी मामले की सुनवाई के तहत संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

24 जुलाई तक पेश होने के निर्देश

तहसील प्रशासन ने शिवपुरी कॉलोनी में संबंधित भवनों पर नोटिस चस्पा कर सभी भवन स्वामियों को 24 जुलाई तक जिलाधिकारी न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष और अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम बोले- न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई

सदर एसडीएम ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। मामले की सुनवाई नियमानुसार की जाएगी और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।

अनूप गुप्ता ने नोटिस पर जताई आपत्ति

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनूप गुप्ता ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनका मकान वर्ष 2004 में विधिवत रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदा गया था और उसका दाखिल-खारिज भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना पक्ष रखेंगे। फिलहाल पूरे मामले की अगली सुनवाई और न्यायालय के निर्णय पर स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।

रिपोर्ट – वली चौधरी

यह भी पढ़ें: चार दिन से लापता किशोर का मिला शव, गन्ने के खेत का मंजर देख दहल गए ग्रामीण

Related Articles

Back to top button