VIP नहीं, आम श्रद्धालु की तरह लाइन में लगीं दिव्या मित्तल, लोगों ने कहा- अधिकारी हो तो ऐसा
मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी और राजस्व परिषद की विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने तीन दिवसीय दौरे के दौरान मां विंध्यवासिनी के दर्शन आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर किए। उनकी सादगी और कार्यशैली की एक बार फिर चर्चा हो रही है।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद की विशेष सचिव और मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एक बार फिर अपने व्यवहार और सादगी को लेकर चर्चा में हैं। तीन दिवसीय शासकीय दौरे पर मिर्जापुर पहुंचीं दिव्या मित्तल ने सबसे पहले मां विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन किया। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी विशेष प्रोटोकॉल का सहारा लेने के बजाय आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर दर्शन किए। उनका यह सहज व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
तीन दिवसीय दौरे पर विकास कार्यों की करेंगी समीक्षा
शासकीय दौरे के दौरान दिव्या मित्तल जिले में संचालित विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करेंगी। वह संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति का आकलन करेंगी और आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगी। प्रशासनिक स्तर पर उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: महिलाओं की पहली उम्मीद है पुलिस, कानपुर में राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष का बड़ा संदेश
जिलाधिकारी रहते बनाई थी अलग पहचान
दिव्या मित्तल अपने जिलाधिकारी कार्यकाल में जनसरोकारों को प्राथमिकता देने वाली अधिकारियों में गिनी जाती थीं। पेयजल, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई योजनाओं को उन्होंने प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा। उनकी कार्यशैली की पहचान पारदर्शिता, त्वरित निर्णय और आम लोगों से सीधे संवाद के रूप में रही, जिसके कारण आज भी मिर्जापुर में उनकी लोकप्रियता बनी हुई है।
लहुरियादह में पेयजल व्यवस्था बनी थी मिसाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्र लहुरियादह में पेयजल संकट दूर करने के लिए उनके कार्यकाल में किए गए प्रयास आज भी याद किए जाते हैं। यही वजह है कि मिर्जापुर में उनके आगमन की खबर के साथ ही लोगों के बीच उनकी कार्यशैली और सादगी की चर्चा फिर से तेज हो गई।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी
यह भी पढ़ें: महिलाओं की पहली उम्मीद है पुलिस, कानपुर में राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष का बड़ा संदेश



