होटल के कमरे में महिला का शव मिलने से सनसनी, दो दिन तक बंद रहा कमरा; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

सीतापुर के राजस्थानी होटल के कमरा नंबर 201 में 47 वर्षीय अनुपमा पांडेय का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होगा।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: सीतापुर शहर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक होटल के कमरे से 47 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। महिला पिछले दो दिनों से होटल में ठहरी हुई थीं, लेकिन कमरे का दरवाजा लगातार बंद रहने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

दो दिन से बंद था कमरा, बेड पर मिला महिला का शव

यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित बस स्टॉप के पास बने राजस्थानी होटल का है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अनुपमा पांडेय (47 वर्ष) के रूप में हुई है। वह होटल के कमरा नंबर 201 में ठहरी थीं। जब काफी समय तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कमरे की जांच की तो महिला का शव बेड पर पड़ा मिला। इसके बाद पूरे होटल परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला से आखिरी बार कौन मिला था और उनकी गतिविधियां क्या थीं। जांच के दौरान होटल स्टाफ और अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

रिपोर्ट- वली चौधरी

यह भी पढ़ें: गोरखपुर: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा पर जीआरपी सख्त, ट्रेनों में चोरी-छिनैती करने वालों पर कसेगा शिकंजा

Related Articles

Back to top button