श्रेयस की कप्तानी में लगातार दूसरी सीरीज हारा भारत

- भारत से पहली बार 2+ मैचों की टी20 सीरीज जीता इंग्लैंड
4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
ब्रिस्टल। हैरी ब्रूक और फिल सॉल्ट के अर्धशतकों और दूसरे विकेट के लिए 146 रनों की अविजित साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने भारत को चौथे टी20 मैच में नौ विकेट से हराया। इंग्लैंड ने इसके साथ ही पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत को श्रेयस की कप्तानी में लगातार दूसरी सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले आयरलैंड ने भारत को 0-2 से मात दी थी। भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 158 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने 13.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली।
श्रेयस के दौर की ये बेहद खराब शुरुआत है। पहले आयरलैंड और अब इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज हार भारत के लिए काफी निराशाजनक है। 2019 के बाद यह पहली बार है जब भारत ने लगातार दो टी20 सीरीज गंवाई है। इतना ही नही यह पहली बार है जब इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ दो या इससे ज्यादा मैचों की टी20 द्विपक्षीय सीरीज अपने नाम की है। दोनों टीमों के बीच इससे पहले छह में से पांच सीरीज भारत ने जीती थी, जबकि एक सीरीज ड्रॉ रही थी। मौजूदा सीजन से पहले भारत ने पिछली 12 द्विपक्षीय सीरीज में से 11 अपने नाम की थी, जबकि दिसंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी। टी20 में गेंदें शेष रहते हुए भारत की यह तीसरी सबसे बड़ी हार है। वहीं, इंग्लैंड की भारत के खिलाफ टी20 में गेंदें शेष रहते हुए ये सबसे बड़ी जीत है। इंग्लैंड ने यह मैच 37 गेंदें शेष रहते हुए अपने नाम किया है। भारत को इस मामले में सबसे बड़ी हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2008 में मिली थी, जब टीम इंडिया 52 गेंदें शेष रहते मुकाबला हार गई थी। वहीं, 2025 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 40 गेंदें शेष रहते हुए हराया था।
100 टी20 मैच खेलने वाले पांचवें भारतीय बने अक्षर
ब्रिस्टल। अक्षर पटेल ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गये चौथे टी20 मैच के दौरान अपने करियर की एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। यह बाएं हाथ का खिलाड़ी भारत के लिए 100 टी20 मैच खेलने वाला महज पांचवां क्रिकेटर बन गया है। इस खास क्लब में वे रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गजों के साथ शामिल हो गए हैं। दिलचस्प बात यह है कि अक्षर पहले भारतीय हैं जिन्होंने बिना कप्तानी के टी20 में भारत के लिए 100 मैच खेल लिए हैं। हालांकि, वे कई द्विपक्षीय सीरीज और इसी साल घरेलू मैदान पर खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के दौरान टीम के उपकप्तान रह चुके हैं, लेकिन उन्हें कभी भी टीम की कमान संभालने का मौका नहीं मिला। अक्षर ने अपने 100 मैच पूरे किए, वहीं भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम देश के लिए इस प्रारूप में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। रोहित 159 मैचों के साथ इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। इस उपलब्धि को हासिल करते ही अक्षर पटेल ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ दिया है। धोनी ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में भारत की ओर से 99 मुकाबले खेले थे।



