गोरखपुर में चेन लूटने वालों का खेल खत्म! मुठभेड़ में दो गिरफ्तार, तमंचे और चेन बरामद
गोरखपुर में महिलाओं से चेन छिनैती के दो आरोपित पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए। पुलिस ने दो चेन, बाइक, तमंचे और कारतूस बरामद किए। एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ।

4पीएम न्यूज नेटवर्क: गोरखपुर में महिलाओं के गले से चेन झपटकर फरार होने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों कैण्ट थाना क्षेत्र में हुई दो चेन छिनैती की घटनाओं में वांछित थे। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
दो महिलाओं से चेन छिनैती के बाद तलाश में जुटी थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को एक महिला पति के साथ सब्जी लेने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार आरोपितों ने उसके गले से चेन झपटी और फरार हो गए। इसके बाद 29 जुलाई की सुबह टहलने निकली एक अन्य महिला को निशाना बनाकर चेन छीन ली गई। दोनों मामलों के बाद कैण्ट पुलिस ने सर्विलांस और एंटीथेफ्ट सेल की मदद से आरोपितों की तलाश शुरू की थी।
घेराबंदी के दौरान फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को सूचना मिलने के बाद कैण्ट पुलिस, एंटीथेफ्ट सेल और सर्विलांस टीम ने आरोपितों की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी भूपेन्द्र यादव भी घायल हुए, जिन्हें सदर अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय उर्फ मंगरु निवासी देउरवीर, गगहा और संजय निवासी कसिहार, बेलीपार के रूप में हुई है।
दो चेन, बाइक और हथियार बरामद
पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो चेन, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, दो देशी तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। हथियार बरामदगी को लेकर अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, अजय और संजय के खिलाफ पहले से लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – अमरेंद्र पांडेय, गोरखपुर
यह भी पढ़े: सेना प्रमुख धीरज सेठ का आज से नेपाल दौरा, सैन्य सहयोग बढ़ाने पर रहेगा फोकस



