बरेली में डेयरी सेक्टर का मेगा प्लान, 1500 किसान-पशुपालक जुटे; करोड़ों का निवेश प्रस्ताव
बरेली के IVRI में डेयरी कॉन्क्लेव में 1500 से अधिक किसान-पशुपालक जुटे। बरेली, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल में 6947 करोड़ के निवेश प्रस्ताव से 11 हजार रोजगार की उम्मीद है

4पीएम न्यूज नेटवर्कः बरेली में डेयरी क्षेत्र को लेकर आयोजित कॉन्क्लेव में किसानों और पशुपालकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) में हुए ‘Dairy Conclave-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम’ में 1500 से अधिक किसान, पशुपालक, दुग्ध उत्पादक, उद्यमी और निवेशक शामिल हुए। कार्यक्रम में डेयरी क्षेत्र में निवेश, रोजगार और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
दूध उत्पादन से आगे पूरी वैल्यू चेन मजबूत करने पर जोर
मुख्य अतिथि पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार का फोकस सिर्फ दूध उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं है। प्रसंस्करण, वैल्यू एडिशन, कोल्ड चेन और डेयरी उद्योग से जुड़ी पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पशुपालन और डेयरी क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं। मंत्री के मुताबिक सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों और पशुपालकों तक पहुंच रहा है।
6947 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 11 हजार रोजगार की उम्मीद
मंत्री ने बताया कि बरेली, मुरादाबाद और लखनऊ मंडल में करीब 2200 लाभार्थियों को डीबीटी के जरिए 1200 लाख रुपये से अधिक की अनुदान राशि दी जा चुकी है। दुग्ध नीति-2022 के तहत भी 1100 लाख रुपये की अनुदान राशि जारी की गई है।
तीनों मंडलों में जीबीसी के तहत करीब 6947 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलने की बात कही गई। इन प्रस्तावों से लगभग 11 हजार रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई है।
डेयरी को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बताया
मंडलायुक्त शम्भु कुमार और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने डेयरी उद्योग को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार बताया। उनका कहना था कि डेयरी से जुड़े उद्योगों के विस्तार से किसानों और पशुपालकों की आय के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।
मीडिया से बातचीत में धर्मपाल सिंह ने उत्तर प्रदेश को देश में दुग्ध उत्पादन में प्रथम स्थान पर बताया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर भी कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा।
रिपोर्ट: सुनील सक्सेना, बरेली
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: कुत्ता भौंकता रहा और चोर घर खंगालते रहे, CCTV में कैद हुई पूरी करतूत



