मिर्जापुर में जुटेंगे पतंजलि युवा भारत के पदाधिकारी, संगठन विस्तार पर बनेगी बड़ी रणनीति
मिर्जापुर में 23 अगस्त को पतंजलि युवा भारत उत्तर प्रदेश पूर्व की राज्यस्तरीय बैठक होगी। संगठन विस्तार, कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर पदाधिकारी मंथन करेंगे।

4पीएम न्यूज नेटवर्कः मिर्जापुर में रविवार को पतंजलि युवा भारत उत्तर प्रदेश (पूर्व) की राज्यस्तरीय बैठक आयोजित होने जा रही है। लालडिग्गी पार्क स्थित साईं मंडपम में होने वाले एक दिवसीय कार्यक्रम में संगठन के विस्तार, कार्यों की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में राज्य पदाधिकारियों के साथ जिलों के प्रभारी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से शामिल होंगे।
हरिद्वार से पहुंचे मुख्य केंद्रीय प्रभारी
कार्यक्रम का नेतृत्व युवा भारत के मुख्य केंद्रीय प्रभारी राम आशीष करेंगे, जो हरिद्वार से मिर्जापुर पहुंचे हैं। वह योग गुरु बाबा रामदेव के शिष्य बताए गए हैं। राज्य प्रभारी युवा भारत उत्तर प्रदेश (पूर्व) योगी ज्वाला सिंह ने बताया कि बैठक रविवार को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसमें राज्य कार्यकारिणी के अलावा विभिन्न जिलों के प्रभारी भी अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
संगठन विस्तार और जिम्मेदारियों पर होगी चर्चा
राज्यस्तरीय बैठक का प्रमुख उद्देश्य संगठन के अब तक के कार्यों की समीक्षा करना और आगे की कार्ययोजना तैयार करना है। इसके साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले में संगठन को अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावी बनाने पर भी विचार किया जाएगा। बैठक में कार्यकर्ताओं की भूमिका और जिम्मेदारियों की समीक्षा के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक और बेहतर तरीके से पहुंचाने पर चर्चा होने की उम्मीद है।
तैयारियां पूरी, पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंपी गई हैं। राज्य प्रभारी के अनुसार, बैठक संगठन के आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण रहेगी। इसमें जिलों की सक्रियता बढ़ाने तथा संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रिपोर्ट – संतोष देव गिरी, मिर्ज़ापुर
यह भी पढ़ें: गोरखपुर एम्स: छह हफ्ते का इंतजार नहीं, अब करीब 2 घंटे में मिल सकती है अहम जानकारी



