रॉबिन्सन और टंग के आगे पाकिस्तानियों का सरेंडर

  • तीन दिन में इंग्लैंड ने पारी और 103 रन से जीता पहला टेस्ट मैच

4पीएम न्यूज़ नेटवर्क
हेडिंग्ले। पाकिस्तान की बल्लेबाजी की पोल हेडिंग्ले में एक बार फिर खुल गई। इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने ऐसा सरेंडर किया कि पहला टेस्ट तीन दिन में ही खत्म हो गया। इंग्लैंड ने पाकिस्तान को दूसरी पारी में सिर्फ 135 रन पर समेटकर पारी और 103 रन से करारी शिकस्त दी और तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और जोफ्रा आर्चर की पेस तिकड़ी के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाजी दोनों पारियों में पूरी तरह बेबस नजर आई।
पहली पारी में पाकिस्तान महज 171 रन पर ढेर हुआ था। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 409 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर 238 रन की विशाल बढ़त हासिल की। तीसरे दिन इंग्लैंड की पारी 409 रन पर खत्म होने के बाद पाकिस्तान को कम से कम मैच को चौथे दिन तक ले जाने के लिए जुझारू बल्लेबाजी की जरूरत थी, लेकिन उसके बल्लेबाजों ने एक बार फिर निराश किया।(पाकिस्तान की दूसरी पारी की शुरुआत से ही बुरे सपने जैसी रही। जोफ्रा आर्चर ने नई गेंद से इमाम-उल-हक को पवेलियन भेजा। इसके बाद पाकिस्तान का मध्यक्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। टंग ने सऊद शकील को 14 रन पर आउट किया और इसके बाद शान मसूद तथा सलमान आगा को एक ही ओवर में चलता कर पाकिस्तान को 76 रन पर छह विकेट के संकट में डाल दिया। मोहम्मद रिजवान ने 39 गेंदों में 41 रन बनाकर कुछ देर तक संघर्ष किया। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से दूसरी पारी में सबसे ज्यादा रन बनाए, लेकिन वह भी टीम को हार से नहीं बचा सके। और पूरी टीम 37.3 ओवर में 135 रन पर सिमट गई।

बांग्लादेश की पहली पारी 64 रन पर ढेर, स्टार्क को 6 विकेट

मैके। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन बांग्लादेश की पहली पारी महज 64 रन पर ढेर कर दी है। मैके में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने इसे सही साबित करने में ज्यादा देर नहीं लगाई और स्थिति यह रही कि पहले ही सत्र में बांग्लादेश ने छह विकेट गंवा दिए। बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन 11वें नंबर के बल्लेबाज शोरिफुल इस्लाम ने बनाए जो 14 रन बनाकर आउट हुए। स्टार्क पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम को पवेलियन भेजा और फिर अपने अगले ओवर की पहली गेंद पर तंजिद हसन तमीम को खाता खोले बिना आउट किया। अगली ही गेंद पर नजमुल हुसैन शांतो स्टार्क का तीसरा शिकार बने। स्टार्क ने फिर कैमरन ग्रीन के हाथों मोमिनुल हक को कैच कराया। इसके बाद स्टार्क का पांचवां शिकार लिटन दास बने जो खाता खोले बिना आउट हुए। बांग्लादेश की बल्लेबाजी इस कदर खराब रही कि चार बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके।

Related Articles

Back to top button